भास्कर से लेकर टीवी चैनल के दफ्तरों और पत्रकार के आवासों पर छापेमारी

उत्तरप्रदेश लाइव दिल्ली दिल्ली लाइव देश मुख्य समाचार राजधानी राज्य लखनऊ

नई दिल्ली। टीएलआई

आयकर विभाग की टीम ने लखनऊ में गुरुवार को एक इलेक्ट्रॉनिक चैनल के ऑफिस व चैनल से जुड़े दो पत्रकारों के घर पर छापेमारी की। वहीं मध्यप्रदेश में कई स्थानों पर भाष्कर के कार्यालय पर भी छापे पड़े। पत्रकारों पर छापेमारी होने की सूचना मिलते ही पूरे मीडिया जगत में हड़कंप मच गया। विपक्षी दलों ने सरकार पर मीडिया पर शिकंजा कसने का आरोप लगाया।
सूत्रों के अनुसार दैनिक भास्कर के साथ ही उत्तर प्रदेश में भारत समाचार चैनल के दफ्तर पर भी गुरुवार को इनकम टैक्स विभाग ने छापेमारी की। आयकर विभाग की टीम ने चैनल के कार्यालय के अलावा एडिटर-इन-चीफ बृजेश मिश्रा, स्टेट हेड वीरेंद्र सिंह और दूसरे प्रमोटर्स के घर पर भी जांच के लिए पहुंची थी। इनकम टैक्स की टीम ने चैनल के एडिटर इन चीफ बृजेश मिश्रा के विपुल खंड स्थित आवास व यूपी हेड वीरेन्द्र सिंह के गोमतीनगर विस्तार के गंगा अपार्टमेंट के फ्लैट पर छापेमारी की। अधिकारियों के मुताबिक महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इनकम टैक्स की छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं दूसरी ओर मीडिया हाउस दैनिक भास्कर ग्रुप के कई ऑफिस पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने छापा मारा है। मध्य प्रदेश में व्यावसायिक परिसरों के साथ-साथ दैनिक भास्कर के मालिक सुधीर अग्रवाल का भोपाल स्थित घर पर भी आईटी की रेड हुई है। उधर विपक्षी दलों ने मीडिया समूहों दैनिक भास्कर और भारत समाचार पर आयकर विभाग की छापेमारी की निंदा की। साथ ही इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बताया। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने राज्यसभा में भी यह मुद्दा उठाया। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित कई नेताओं ने इस कार्रवाई की निंदा की। कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनुसिंघवी ने कहा कि सरकार बताए कि आयकर के छापे सुनियोजित हैं या महज संयोग हैं। देश को चुप कराने के लिए संस्थानों का दुरुपयोग क्यों किया जा रहा है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि पत्रकारों और मीडिया संगठनों पर हमला लोकतंत्र को कुचलने की एक और क्रूर कोशिश है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये मीडिया को डराने के प्रयास हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि छापेमारी लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को दबाने और सच बाहर आने से रोकने का प्रयास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *