देहरादून, गौरव जोशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व शक्ति के रूप में उभरा है। मोदी के मौजूदा कार्यकाल के आखिर तक देश दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के 11 साल पूरे होने के अवसर पर मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का कार्यकाल स्वर्णाक्षरों में लिखा जाएगा। सेवा और सुशासन के जरिए प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश न केवल आत्मनिर्भर राष्ट्र बना है बल्कि आज पूरी दुनिया हमारी ओर देख रही है। मोदी के 11 साल का कार्यकाल जन आकांक्षाओं को धरातल पर उतारने वाला रहा है। उनका यह कार्यकाल विकसित और मजबूत भारत की नींव रखेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने इस दौरान 11 सालों के दौरान प्रधनमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उठाए गए कदमों की जानकारी दी और कहा कि उनके तीसरे कार्यकाल में देश दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। इस दौरान उन्होंने 2014 से पहले ही सरकारों का जिक्र करते हुए कहा कि वह सरकारें घपलों, घोटालों और भ्रष्टाचार की सरकार के रूप में जानी जाती थी। लेकिन केंद्र में नरेंद्र मोदी के आने के बाद सरकार की परिभाषा पॉलिटिकल परफार्मेंश के रूप में बदल गई है। धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत का संकल्प दिया है। उन्होंने कहा कि इस मकसद को पूरा करने के लिए उत्तराखंड भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमने अगले दस सालों के विकास का रोडमैप तैयार करने के लिए कार्य योजना बनाने का काम शुरू कर दिया है। 2035 तक की कार्ययोजना पर काम चल रहा है। सरकार हर क्षेत्र के विकास के लिए ठोस कार्य योजना तैयार कर रही है। राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ हुई कार्रवाई के संदर्भ में पूछे गए प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले लोग कहते थे कि सरकार केवल छोटी मछलियों पर कार्रवाई करती है। लेकिन अब बड़ी मछली क्या मगरमच्छ भी नहीं छोड़े जा रहे। मुख्यमंत्री ने इस दौरान राज्य में केंद्र के सहयोग से चल रही परियोजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल परियोजना को अक्तूबर 2026 में शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। यह परियोजना फेज वाइज शुरू की जाएगी और यह पहाड़ के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
