चंदा मामा पर गहराया संकट, किससे है खतरा

अंतरराष्ट्रीय

वाशिंगटन। चंदा मामा यानी चंद्रमा पर एक बड़ा खतरा मंडराने लगा है। नासा ने चेतावनी दी है कि एक विशाल क्षुद्रग्रह (एस्टरॉयड 2024) वाईआर4 2032 में चंद्रमा से टकरा सकता है। नासा के जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप ने मई 2025 में इसकी कक्षा का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके अनुसार, अब चंद्रमा से टकराव की संभावना 4.3% तक बढ़ गई है। यह वही क्षुद्रग्रह है जिसे दिसंबर 2024 में खोजा गया था और उस समय इसके पृथ्वी से टकराने की 3.1% संभावना जताई गई थी। नासा के अनुसार, इसे संभावित खतरे की सूची में रखा गया था। हालांकि यह टल गया लेकिन अब चंद्रमा के लिए खतरा लगातार बढ़ता गया है। वाईआर4 नामक इस क्षुद्रग्रह की चौड़ाई लगभग 174 से 220 फीट आंकी गई है । दूसरे शब्दों में यह 10 मंजिला इमारत के बराबर है। अगर यह चंद्रमा से टकराता है, तो वह कोई साधारण घटना नहीं होगी। फिलहाल यह सूर्य के पीछे चला गया है और अब 2028 तक नजर नहीं आएगा। वैज्ञानिकों के पास अभी के लिए वेब टेलीस्कोप की मार्च और मई 2025 की रीडिंग्स ही हैं।  वैज्ञानिकों का कहना है कि अगर यह चंद्रमा से टकराता भी है, तो पृथ्वी पर किसी तरह का खतरा नहीं होगा। चंद्रमा पहले भी कई अंतरिक्ष चट्टानों के प्रहार झेल चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *