महिलाओं को मैसेज से मिलेगी तलाक की जानकारी

अंतरराष्ट्रीय

रियाद। अब तलाक होने पर महिलाओं को मैसेज के जरिए सूचना देनी होगी। सऊदी अरब में यह नया कानून रविवार से लागू कर दिया गया है।
सऊदी अरब सरकार के न्यायिक मंत्रालय की वेबसाइट पर इस नए कानून के बारे में बताया गया है। वेबसाइट पर लिखा है कि सऊदी कोर्ट की ओर से तलाक की अधिसूचना भेजी जाएंगी। यह एक ऐसा कदम है जो महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के मकसद से उठाया गया है। इस अधिसूचना के बाद महिलाएं मंत्रालय की वेबसाइट पर अपनी मैरिटल स्टेटस पता कर सकती हैं या फिर संबंधित कोर्ट जाकर तलाक के कागजों की प्रति हासिल कर सकती हैं। गौरतलब है कि सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने देश में महिलाओं को और ज्यादा अधिकार देने शुरू किए हैं। तलाक पर बना यह नया कानून इसका ही हिस्सा है। सऊदी अरब को एक रूढ़िवादी देश माना जाता है। पिछले वर्ष देश में महिलाओं की ड्राइविंग पर लगा बैन हटाया गया है। दावा है कि सऊदी का नया कानून महिलाओं की शादी उनकी बिना जानकारी के अचानक टूटने से बचाने के लिए बनाया गया है। इस नए कानून को सऊदी अरब में गुपचुप हो जाने वाले तलाक को खत्म करने यह कानून बनाया गया है। इससे महिलाएं अपनी शादीशुदा जिंदगी के बारे में पूरी तरह से जागरुक रहेंगी। इससे तलाक मिलने वाली एलिमनी जैसे अधिकारों से भी वह वंचित नहीं रहेंगी। दुनिया भर में अधिकारों के लिए लड़ाई करने वाले ग्रुप इक्विलिटी नाउ के सौद अबु-दायेह का कहना है कि बहुत से अरब देशों में पुरुष अपनी पत्नियों को बिना मतलब के ही तलाक दे डालते हैं। उन्होंने कहा कि कम से कम महिलाओं को तो इस बात की जानकारी होनी चाहिए न कि उन्हें तलाक मिला है या नहीं। यह नया कानून बहुत छोटा कदम है लेकिन यह सही दिशा में उठाया गया कदम है।