पीड़ितों के लिए सहायताराशि बढ़ाने को करेंगे बात : कौशिक

उत्तराखंड लाइव ऊधम सिंह नगर नैनीताल राज्य समाचार

हल्द्वानी। अनीता रावत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने शुक्रवार को रुद्रपुर पहुंचने पर कहा कि तीन दिन की बारिश में लोगों को भारी नुकसान हो रहा है। सरकार की ओर से लोगों को 3800 रुपये तत्काल सहायता राशि दी जा रही है, लेकिन सरकार से इसे बढ़ाने के लिए वार्ता की जाएगी। उन्होंने जिला आपदा प्रबंधन केंद्र पर संविदा पर काम कर रहे अधिकारियों के स्थान पर स्थायी कर्मचारी रखने पर जोर दिया। कहा कि उत्तराखंड में आपदा के बाद राहत कार्य में प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता जुटा हुआ है। कार्यकर्ताओं को आपदाग्रस्त क्षेत्रों में नुकसान की भरपाई के लिए तत्काल प्रभावितों की सूची बनाने को कहा गया है, जिससे बाढ़ प्रभावितों को सरकार की ओर से फौरी तौर पर मदद दिलवाई जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार प्रभावितों के साथ है। उनकी मदद की जाएगी।


शुक्रवार को सिटी क्लब में पत्रकारों से वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विगत दिवस राज्य में आई आपदा के बाद तत्काल एसडीआएफ व एनडीआरएफ की टीमों को सतर्क कर दिया गया था। इसका परिणाम रहा कि राज्य में आई भारी आपदा के बाद भी जनहानि कम हुई है। बोले, सभी आपदाग्रस्त क्षेत्रों में संगठन के कार्यकर्ताओं को काम व मदद करने के निर्देश दिए गये हैं कि वह प्रभावित क्षेत्रों में जाएंगे और लोगों की अधिक से अधिक मदद करेंगे। इसके साथ ही जरूरतमंदों को खाद्य आपूर्ति के साथ पानी और अन्य आवश्यक चीजों की व्यवस्था कराई जा रही है। इससे पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आपदाग्रस्त क्षेत्र संजय नगर और खेड़ा का भ्रमण किया। लोगों की समस्याओं को भी सुना। खेड़ा के लोगों ने क्षेत्र में अव्यवस्था पर नाराजगी भी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तत्काल क्षेत्र में आवश्यक चीजों की सुविधा मुहैया कराने के निर्देश दिए। यहां प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, विधायक राजकुमार ठुकराल, भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, मेयर रामपाल सिंह, मंडी समिति अध्यक्ष केके दास, भारत भूषण चुघ, अजय तिवारी, उत्तम दत्ता, ललित मिगलानी, आशीष गुप्ता समेत कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *