कांग्रेस सरकार बनी तो छत्तीसगढ़ मॉडल पर गोवंश बचाएंगे : प्रियंका

उत्तरप्रदेश लाइव बरेली राष्ट्रीय लखनऊ

लखनऊ। राजेन्द्र तिवारी
यूपी सरकार हर मोर्चे पर फेल है। आवारा मवेशियों की समस्या सबसे बड़ी है। कांग्रेस की सरकार बनी तो छत्तीसगढ़ मॉडल पर गोशालाएं बनाकर गोवंश बचाए भी जाएंगे और उनके गोबर से रोजगार के मौके पैदा किए जाएंगे। यह बातें कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने रायबरेली में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता से जुड़े मुद्दे उठाकर और आमजन की आवाज बनकर पार्टी की सत्ता में वापसी करा सकते हैं। प्रियंका ने ’20 हफ्ते-24 घंटे’ का मंत्र देते हुए कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाने का आह्वान भी किया।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि राज्य सरकार के प्रति लोगों की नाराजगी और अन्य विपक्षी दलों के प्रति अविश्वसनीयता बढ़ी है। विकास केवल नाम का हो रहा है। जनता का असली मुद्दों से भटकाकर आपस में लड़ाया जा रहा है। इसलिए कार्यकर्ता घर-बार भूलकर जनता के बीच सक्रिय रहें ताकि जनता को कोई भ्रमित न कर सके। उन्होने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव के लिए समय बहुत ही कम बचा है। हर कार्यकर्ता चुनाव तक सोना भूल जाए।
डेढ़ साल बाद मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र पहुंची कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का यहां कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह जोरदार स्वागत किया। दोपहर करीब पौने 12 बजे भुएमऊ गेस्ट हाउस पहुंची प्रियंका गांधी ने पार्टी पदाधिकारियों, पूर्व विधायकों और बुजुर्ग कांग्रेसियों से अलग-अलग भेंटकर दिनभर चुनावी तैयारियों पर मंथन किया। सांसद प्रतिनिधि केएल शर्मा ने अवगत कराया कि न्याय पंचायत स्तर तक संगठन तैयार है। इस पर प्रियंका ने कहा कि ग्राम सभा इकाइयां भी जल्द से जल्द गठित करके कार्यकर्ता जनता के बीच सक्रिय हो जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *