परिवार की सुरक्षा की वानखेड़े की पत्नी ने लगाई गुहार

देश राज्य राज्य समाचार

नई दिल्ली। टीएलआई
एनसीबी की मुंबई इकाई के प्रमुख समीर वानखेड़े की पत्नी क्रांति रेडकर ने रविवार को अपने पति और परिवार को सुरक्षा मुहैया कराए जाने की मांग की। क्रांति ने कहा कि ‘समीर वानखेड़े और उनके परिवार की सुरक्षा खतरे में है। कुछ दिन पहले तीन लोगों ने हमारे घर की रेकी की। ये लोग बहुत खतरनाक हैं। पता नहीं उनके मन में क्या चल रहा है।’
समीर वानखेड़े मुंबई से गोवा जा रहे क्रूज में मादक पदार्थ की बरामदगी से जुड़े मामले के मुख्य जांचकर्ता हैं। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष अरुण हलदर ने भी वानखेड़े के घर का दौरा किया था। क्रांति ने बताया कि हलदर जन्म एवं विवाह प्रमाणपत्र सहित कुछ अन्य दस्तावेजों की मूल प्रति को देखने के लिए हमारे घर आए थे। अब उन लोगों के खिलाफ जांच शुरू हो सकेगी, जो हम पर झूठे और बेबुनियाद आरोप लगा रहे थे। क्रांति ने दावा किया कि बीते दिनों कुछ लोगों ने उनके घर की रेकी की थी। वह इससे जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध करा सकती हैं। ऐसे में उनके परिवार को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराई जानी चाहिए। वानखेड़े की पत्नी ने कहा कि उनके बच्चे बहुत छोटे हैं। उनकी सुरक्षा बहुत अहम है। जब वह और समीर घर पर नहीं होते हैं, तब उनके बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन उठाएगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *