उत्तराखंड को आपदा से सात हजार करोड़ का नुकसान: सीएम

उत्तराखंड लाइव ऊधम सिंह नगर देहरादून नैनीताल मुख्य समाचार

हल्द्वानी। अनीता रावत

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि आपदा से प्रदेश की जनता को भारी नुकसान हुआ है। सड़कें, पेयजल, बिजली व्यवस्था, मकान, दुकान समेत बड़ी संख्या में जनहानि हुई है। आपदा की इस घड़ी में सभी मिल-जुलकर राहत और बचाव के कार्य में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस आपदा से प्रारंभिक तौर पर सात हजार करोड़ के नुकसान का आकलन है। विस्तृत आकलन के लिए सर्वे का कार्य जारी है। मृतक आश्रितों का मुआवजा बढ़ाकर चार लाख रुपये किया गया है। वहीं सीएम धामी ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में केन्द्र सरकार की ओर से प्रदेश सरकार को बड़ा सहरा मिला। पीएम नरेन्द्र मोदी ने खुद बात कर आपदा के संबंध में जानकारी ली। सीएम ने उनको आपदा और बचाव कार्यों की जानकारी दी।


बुधवार को पंतनगर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश अभी कोरोना की मार से किसी तरह उबर रहा था कि अब आपदा ने प्रदेश को बड़ा दर्द दे दिया है। जनता को भारी नुकसान हुआ है। सीएम ने कहा कि मैं खुद आपदाग्रस्त क्षेत्रों में गया। लोगों के साथ बात कर उनका दर्द सुना और उनको हुए नुकसान की जानकारी ली। सभी प्रशासनिक अधिकारियों को आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से राहत-बचाव कार्य चलाने के लिए निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारियों को जिले में आपदा से हुए नुकसान की रिपोर्ट बनाकर शासन को भेजने को कहा गया है। किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इसका भी सर्वे किय जा रहा है, ताकि उनको राहत दी जा सके। सीएम धामी ने कहा कि जनप्रतिनिधि दु:ख की घड़ी में जनता के बीच जाएं। उन्होंने कहा कि उन्होंने सभी मंत्रियों और विधायकों को इस संबंध में निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री और विधायक भीड़ लेकर जनता के बीच न जाएं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश में आई आपदा में विभिन्न राज्यों से आए पर्यटक भी फंसे थे। सभी पर्यटकों को सुरक्षित निकालकर उनके गंतव्य की ओर रवाना किया जा रहा है। अभी भी जो पर्यटक फंसे हैं उनको निकाला जा रहा है। चार धाम यात्रा मार्ग में भी आवागमन सुचारू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा है कि आपदा प्रभावित लोगों को आश्रय स्थलों में रखा जा रहा है। एसडीआरएफ की टीमें बचाव करने के साथ ही राहत शिविरों में उनके रहने खाने का इंतजाम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि एसडीआएफ की अलग-अलग टीमें अलग-अलग शिविरों में प्रतिदिन पांच हजार लोगों को राहत देते हुए उनके लिए भोजन और पानी इत्यादि का इंतजाम कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *