महिला हॉकी टीम की हार के बाद वंदना के गांव में हंगामा

उत्तराखंड लाइव राष्ट्रीय हरिद्वार

हल्द्वानी। अनीता रावत

भारतीय महिला हॉकी टीम की टोक्यो ओलंपिक में हार के बाद हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया के गांव सिडकुल रोशनाबाद गांव में हंगामा हो गया। भारतीय टीम की हार के बाद कुछ युवकों ने पटाखे जलाने शुरू कर दिए। इससे हंगामा हो गया। हालांकि पुलिस ने पटाखे जलाने वाले युवक को हिरासत में ले लिया है। उधर वंदना कटारिया के परिजनों ने युवक के खिलाफ कार्रवाई न होने पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।
बुधवार को महिला हॉकी टीम भारत और अर्जेंटीना के बीच हुए मुकाबले में भारत 2-1 से हार गई। आरोप है कि भारत के हारते ही वंदना कटारिया के गांव में कुछ युवकों ने पटाखे जलाने शुरू कर दिए। जैसे ही वंदना के परिजनों को इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। गांव के कई लोग भी उनके साथ आ गए। मामले की शिकायत मिलते ही सिडकुल पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने हंगामा देख एक युवक को हिरासत में ले लिया है। आरोप है कि हार के बाद युवक और उसके साथियों ने पटाखे जलाये थे।
उधर वंदना कटारिया की भाभी सविता कटारिया का कहना है कि युवक के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। कहा कि कार्रवाई न हुई तो वह आत्मदाह करने को मजबूर होंगी। उधर भाई सौरभ कटारिया ने कहा कि दोनों युवक उनके परिवार से ईर्ष्या रखते हैं। युवक पर कई गंभीर आरोप भी परिजनों ने लगाये हैं। बताया जा रहा है कि दोनों परिवार के बीच रंजिश चल रही है। सिडकुल एसओ लखपत सिंह बुटोला ने बताया कि अभी लिखित शिकायत नहीं आई है। युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *