बीमारी पर 10 लाख तक मुफ्त इलाज होगा : प्रियंका

उत्तरप्रदेश लाइव राज्य समाचार लखनऊ वाराणसी

लखनऊ। राजेंद्र तिवारी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को प्रदेश के लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए एक और महत्वपूर्ण प्रतिज्ञा की घोषणा की। उन्होंने ट्वीट कर के कहा कि वर्ष 2022 में कांग्रेस की सरकार बनने पर प्रदेशवासियों का किसी भी बीमारी में सरकारी खर्चे पर 10 लाख तक मुफ्त इलाज किया जाएगा। इलाज का खर्च प्रदेश सरकार उठाएगी।
प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस की घोषणापत्र समिति ने घोषणापत्र बनाते समय विभिन्न वर्गों, विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों, किसानों, नौजवानों और प्रदेश के ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के लोगों से मुलाकात कर उनका सुझाव लेने के बाद स्वास्थ्य सुरक्षा जिम्मेदारी की इस महत्वपूर्ण प्रतिज्ञा को अपने घोषणापत्र में शामिल किया है। उन्होंने कहा कोरोना की पहली और दूसरी लहर की सर्वाधिक भयावहता उत्तर प्रदेश में थी। भाजपा सरकार की लापरवाही और स्वास्थ्य व्यवस्था की जर्जर हालत की वजह से लोगों को समय से ऑक्सीजन और बेड नहीं मिल सके। इसका परिणाम यह रहा कि लाखों लोग अपनी जान गवां बैठे। सरकार की बदइंतजामी और कोई तैयारी न होने से महंगी जांचे, ऑक्सीजन और दवाओं की जमकर कालाबाजारी हुई। लोग महंगा इलाज कराने को मजबूर थे और उस समय सरकार ने जनता की कोई मदद नहीं की। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि लोग आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। ऐसे में चाहे मध्यम वर्ग हो या गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वाला वर्ग, सभी ऐसी परिस्थितियों में इलाज करा पाने में असहज हैं। इस कारण कांग्रेस पार्टी ने यह निर्णय लिया है। इस प्रतिज्ञा से प्रदेश के 22 करोड़ लोग लाभान्वित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *