केरल में भाजपा सांसद के घर बम फेंके

देश राज्य राष्ट्रीय

तिरुवनंतपुरम। सबरीमाला मंदिर में दो महिलाओं के प्रवेश को लेकर हिंसक प्रदर्शन जारी है। शनिवार को भाजपा सांसद के मकान पर कुछ अज्ञात लोगों ने बम फेंक दिया। वहीं कन्नूर में संघ के कार्यालय को भी आग लगा दी। केरल पुलिस ने ऑपरेशन ब्रोकन विंडो के तहत हिंसा करने वाले 3178 लोगों को अबतक देशभर से गिरफ्तार किया है। साथ ही 37,979 लोगों पर 1286 केस दर्ज किए जा चुके हैं।
जानकारी के अनुसार सबरीमाला मंदिर प्रकरण के बाद शुरू हुई हिंसा की इन घटनाओं से कुछ ही घंटे पहले अज्ञात लोगों ने माकपा विधायक एएन शमशीर और पार्टी के कन्नूर जिला के पूर्व सचिव पी शशि के घरों पर देशी बम फेंके थे। जिससे इमारत को काफी नुकसान पहुंचा है। माकपा ने अपने नेताओं के घरों पर हुए हमलों के लिए संघ के स्वयंसेवकों को दोषी बताया है। वहीं भाजपा से राज्यसभा सदस्य वी मुरलीधरण ने बताया कि घर पर बम से हमले के समय मेरी बहन, जीजा और उनकी बेटी घर में मौजूद थे। हालांकि, इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है। भाजपा ने माकपा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है। कन्नूर के अलावा कोझिकोड के पेराम्बरा, मल्लपुरम और पथनमथिट्टा के अडूर में भी शुक्रवार की रात एवं शनिवार तड़के इस तरह के कई हमले एवं तोड़फोड़ हुई। सुप्रीम कोर्ट ने करीब तीन महीने पहले मंदिर में हर उम्र की महिलाओं को प्रवेश की अनुमति दी थी। भाजपा और हिंदू संगठन इस फैसले का विरोध कर रहे हैं। उधर केरल में हुई हिंसा के बाद केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने केरल सरकार से स्थिति पर रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि हिंसा को जल्द काबू में करने की जरूरत है। वहीं कन्नूर एवं अन्य स्थानों पर जारी हिंसा को देखते हए राज्य पुलिस प्रमुख लोकनाथ बहेरा ने राज्य भर में अलर्ट जारी किया है। उधर सबरीमाला मंदिर में 50 वर्ष की दो महिलाओं के प्रवेश के बाद मंदिर के शुद्धिकरण को लेकर केरल के एक वरिष्ठ मंत्री ने शनिवार को मंदिर के मुख्य पुजारी पर निशाना साधते हुए उन्हें ब्रह्मराक्षस कहा है। केरल के पीडब्ल्यूडी मंत्री जी सुधाकरन ने पूछा कि क्या एक बहन के साथ अपवित्र की तरह बर्ताव करने वाले को मनुष्य समझा जा सकता है।