कुमाऊं के बेरीनाग में खाई में जीप गिरने से तीन की मौत

उत्तराखंड लाइव गढ़वाल देहरादून नैनीताल राज्य समाचार

हल्द्वानी। अनीता रावत
हल्द्वानी-सेराघाट मार्ग पर शुक्रवार तड़के टैक्सी वाहन की एक जीप खाई में गिर गई। जीप में सवार एक ही परिवार की तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग हादसे में घायल हो गए। मृतकों में जेठानी-देवरानी और एक युवती शामिल हैं। तीनों बीएड की परीक्षा देकर हल्द्वानी से वापस लौट रहीं थी।
हल्द्वानी से टैक्सी वाहन यूके 05 टीए 1754 में बीती रात चालक सहित छह लोग बेरीनाग के लिए रवाना हुए। शुक्रवार तड़के करीब साढ़े चार बजे यह वाहन गोदीगाड़ मंदिर के समीप करीब 50 मीटर गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नेगी और चौकोड़ी चौकी प्रभारी किशोर पंत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हादसे में लेजम कौली निवासी रश्मि चंद पत्नी बृजेश चंद, गीता चंद पत्नी हरीश चंद और मृतका रश्मि की बहन बडालू गैना निवासी प्रियंका चंद पुत्री भगवान चंद की मौत हो गई। मृतका रश्मि और गीता जेठानी और देवरानी थीं। हादसे में वाहन चालक थल निवासी अनिल कन्याल पुत्र खेम सिंह कन्याल, चंदन सिंह सामंत पुत्र देव सिंह सामंत और बृजेश चंद्र पुत्र भावेश चंद्र घायल हुए हैं। पुलिस टीम ने घायलों को खाई से निकालकर 108 सेवा से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद अनिल और चंदन को हायर सेंटर रेफर कर दिया है। घर से करीब 60 किमी पहले रश्मि, गीता और प्रियंका का शायद मौत इंतजार कर रही थी। गोदीगाड़ के किनारे सड़क सीधी है। सड़क की स्थिति देखकर भी यहां सफर सुरक्षित माना जाता है। इसके बावजूद मौत ने ऐसा झपट्टा मारा कि जीप में सवार दो विवाहिताओं और एक युवती की जान चली गई। इस हादसे से मृतक महिलाओं के घरों में कोहराम मचा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *