यूपी में कांग्रेस का सभी 80 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

राष्ट्रीय

लखनऊ। यूपी का लोकसभा चुनाव का समीकरण दिन प्रति दिन बदलता जा रहा है। शनिवार को सपा-बसपा गठबंधन के ऐलान के बाद रविवार को कांग्रेस ने भी अपने पत्ते खोल दिए। यूपी के सभी 80 सीटों पर कांग्रेस अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। यानी यूपी में कांग्रेस किसी के साथ गठबंधन नहीं करेगी। वहीं विदेश दौरे पर गए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी कहा कि कांग्रेस पार्टी यूपी में सभी सीटों पर पूरे दम के साथ चुनाव लड़ेगी।
कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ सीधी लड़ाई की बात करते हुए उत्तरप्रदेश की सभी 80 सीटों पर प्रत्याशी खड़ा करने का ऐलान किया है। कांग्रेस के यूपी प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने कहा कि बसपा और सपा के गठबंधन से कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ता। यूपी में कांग्रेस का सीधा मुख्य मुकाबला भाजपा से है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस लड़ाई में अगर अन्य दल कांग्रेस का सहयोग करते हैं तो उनका स्वागत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा के खिलाफ राहुल गांधी के नेतृत्व में लड़ाई लड़ेगी। आजाद ने कहा कि सपा-बसपा गठबंधन में जगह नहीं मिलने से कांग्रेस के कार्यकर्ता कतई निराश नहीं हैं, बल्कि वह कह रहे हैं कि पहले शायद 25 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ते, मगर अब 80 सीटों पर लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि गठबंधन हमने नहीं तोड़ा था, जनता को इसकी जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने (सपा-बसपा) यह चैप्टर बंद कर दिया है, इसलिए कांग्रेस ने अपनी लड़ाई जारी रखते हुए अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया।
दुबई यात्रा के दौरान राहुल ने कहा कि सपा और बसपा ने न हमसे और न ही हमारे लोगों इस संबंध में कोई बातचीत की। यह एक राजनीतिक फैसला है और हम इसका आदर करते हैं। लेकिन अब हमें अपना काम भी करना पड़ेगा, हमें उत्तर प्रदेश में सभी सीटों पर पूरे दम के साथ लड़ेंगे। हम पीछे नहीं हटेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *