टाइम्स स्क्वायर पर फहरेगा सबसे बड़ा तिरंगा

अंतरराष्ट्रीय

न्यूयॉर्क।
भारत के स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में अमेरिका में एक प्रमुख भारतीय प्रवासी संगठन 15 अगस्त को यहां टाइम्स स्क्वायर पर अब तक का सबसे बड़ा तिरंगा फहराएंगे।
फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और कनेक्टिकट 15 अगस्त को टाइम्स स्क्वायर पर तिरंगा फहराने के साथ शुरू होने वाले दिन भर के समारोहों की मेजबानी करेंगे।
टाइम्स स्क्वायर पर पहला भारत दिवस बिलबोर्ड 24 घंटे के लिए प्रदर्शित किया जाएगा। एम्पायर स्टेट बिल्डिंग तिरंगे की रोशनी से जगमगाएगी और और दिन का अंत हडसन नदी पर एक शानदार क्रूज के साथ होगा जिसमें शीर्ष सरकारी अधिकारी, विशिष्ट अतिथि और भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लोग शिरकत करेंगे।
एफआईए के अध्यक्ष अंकुर वैद्य ने बताया, हम परंपरा को जारी रखते हुए इस साल हम टाइम्स स्क्वायर पर जो तिरंगा फहराएंगे वह यहां फहराए गए अब तक के तिरंगों में सबसे बड़ा होगा। यह तिरंगा 6 फुट लंबा और 10 फुट चौड़ा होगा। पोल की ऊंचाई 25 फुट है। न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूत रणधीर जायसवाल तिरंगा फहराएंगे। आयोजन में भारतीय मूल के अमेरिकी खिलाड़ी और शतरंज के इतिहास में सबसे कम उम्र के ग्रैंडमास्टर 12 वर्षीय अभिमन्यु मिश्रा और 17 वर्षीय समीर बनर्जी को भी सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *