माहौल खराब किया तो होगी सख्त कार्रवाई: योगी

उत्तरप्रदेश लाइव मुख्य समाचार लखनऊ

लखनऊ। राजेंद्र तिवारी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सिटीजनशिप अमेंडमेंट एक्ट के खिलाफ भावनाओं को भड़काकर कुछ लोगों ने प्रदेश का माहौल खराब करने की कोशिश की थी। चाचाजान, अब्बाजान के अनुयायी सावधान होकर सुन लें। अगर प्रदेश में भावनाओं को भड़ाकर माहौल खराब करोगे तो सरकार सख्ती से निपटना जानती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में हर तीसरे दिन दंगे होते थे, अब यूपी की पहचान दंगामुक्त प्रदेश के रूप में है।मंगलवार को निरालानगर रेलवे ग्राउंड पर भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड के बूथ अध्यक्षों के सम्मेल में सीएम ने जोश भरते हुए कहा कि अब प्रदेश की पहचान नए उत्तर प्रदेश के रूप में है। यूपी के माफिया की छाती पर बुल्डोजर चलाने वाली सरकार चल रही है। उन्होंने कहा कि ओवैसी सपा का एजेंट बनकर भावनाओं को भड़का रहे हैं। उत्तर प्रदेश इससे आगे बढ़ चुका है। अब दंगा नहीं, दंगामुक्त प्रदेश के रूप में यूपी की पहचान है। आजादी के बाद परिवारवाद, जातिवाद, वंशवाद की सोच के लोगों ने देश, प्रदेश के सामाजिक ताने-बाने को न केवल छिन्न-भिन्न कर दिया, बल्कि स्वार्थ में परिवार परिक्रमा करते रहे। इस क्षेत्र के विकास को बाधित करने में कोई कोताही नहीं बरती। हम सब मोदीजी के आभारी हैं, जिनके नेतृत्व में पूरी दुनिया नए भारत का दर्शन कर रही है। आज पूरी दुनिया मोदी के नेतृत्व में सशक्त भारत की ओर देख रही है। हम सबको इस पर गौरव की अनुभूति करनी चाहिए। उन्होंने कहा, कोरोनाकाल में अध्यक्षजी ने भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को सेवा का संदेश दिया था। यह हमारे लिए राजनीतिक मुद्दा नहीं, राष्ट्रधर्म था। जब सभी दलों के लोग आइसोलेशन, क्वारंटीन थे तो भाजपा कार्यकर्ता सेवा ही संगठन के नारे को सार्थक करते हुए मानवता को बचाने के लिए राष्ट्रधर्म का निर्वहन कर रहा था। यह काम केंद्र, राज्य सरकार और भाजपा कार्यकर्ता ही कर सकता है। अन्य दलों का पता नहीं था। आज अन्य दलों के लोग नए-नए चेहरे लेकर आ रहे हैं। भाजपा के बूथ कार्यकर्ता का दायित्व है कि कोरोना काल की सेवा को विश्वास के साथ रखें। गंगा के तटवर्ती क्षेत्र व राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने दिए गए भरोसे को बूथ अध्यक्ष ध्यान में रखें। मुख्यमंत्री ने नारा दिया, संकट का साथी कौन, भारतीय जनता पार्टी। उन्होंने कहा कि संकट की साथी भाजपा है तो वोट पाने की हकदार भी भाजपा है। योगी बोले, मोदीजी ने 2014 में जो कहा था, 2019 तक पूरा कर दिया। 2019 में जो कहा, उसको करके दिखा दिया। कोरोना प्रबंधन की पूरी दुनिया कायल है। मोदी जी ने रमलला हम आएंगे मंदिर वहीं बनाएंगे के सपने को साकार किया। 5 अगस्त 2020 को स्वयं अयोध्या पहुंचकर राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। कोरोना काल में हर परिवार का ध्यान रखा। मोदी ने 2020 और 2021 में गरीबों को मुफ्त राशन दिया। हम 15 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन सुविधा मुहैया करा रहे हैं। 35 किलो अनाज ही नहीं नमक, तेल, चीनी भी दे रहे हैं।  योगी ने उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जनता को विश्वास दिलाने का काम बूथ अध्यक्ष करें। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने नारा दिया था कि बूथ जीता तो चुनाव जीता। इस नारे को बूथ अध्यक्ष साकार करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *