किसान फंड जारी करेगी सपा की सरकार : अखिलेश

उत्तरप्रदेश लाइव राष्ट्रीय लखनऊ

लखनऊ। राजेंद्र तिवारी
सपा मुखिया एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सहारनपुर में रविवार को चुनावी शंखनाद किया। उन्होंने किसान फंड की घोषणा करते हुए कहा कि सपा सरकार आई तो किसानों के लिए अलग से फंड जारी होगा, जिससे किसान खुशहाल और संपन्न होगा। उन्होंने लखीमपुर मामले में सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दलों के आंदोलन करने के बाद मंत्री पुत्र को गिरफ्तार किया गया। अखिलेश ने दावा किया कि इस बार सपा 351 सीटें लेकर सरकार बनाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री कस्बा तीतरो में पूर्व मंत्री स्व. चौधरी यशपाल सिंह की शताब्दी जयंती समारोह के मौके पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में जनता से सीधे संवाद किया। सवाल और जवाब की शैली में उन्होंने किसानों की जमकर तारीफ की। कहा कि किसान काफी समय से धरने पर बैठे हैं। भाजपा ने हिन्दू-मुसलिम कार्ड खेला, लेकिन किसानों की एकता ने जता दिया कि न तो वह हिन्दू हैं और न मुसलमान। वह केवल किसान हैं। लखीमपुर खीरी की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जब तक गृह राज्यमंत्री कुर्सी पर काबिज हैं तब तक न्याय मिलना मुश्किल है। किसानों की आय न दोगुनी हुई और न उन्हें गन्ने का भुगतान किया गया। आज भी प्रदेश के किसानों का चार हजार करोड़ से अधिक चीनी मिलों पर बकाया है। अखिलेश यादव ने कहा कि यदि सपा की सरकार आई तो वह सहारनपुर से लखनऊ तक ऐसे हाईवे का निमार्ण कराएंगे, जिससे प्रदेश की राजधानी तक महज साढ़े चार घंटे में ही पहुंचा जा सकेगा। सरकार के पास विकास के नाम पर बताने के लिए कुछ नहीं हैं। अखिलेश यादव ने साफ तौर पर इशारा किया वह गठबंधन के तहत ही चुनाव लड़ेंगे। भाजपा को हराने के लिए गठबंधन की जरूरत है। इसके लिए बात चल रही है। हालांकि उन्होंने रालोद का बगैर नाम लिए कहा कि गठबंधन में यदि कुछ फैसला होता है तो उसकी लाज रखें। नेताओं के सम्मान में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *