सपा-बसपा को गठबंधन में कांग्रेस को शामिल करना चाहिए : यशवंत

दिल्ली दिल्ली लाइव देश राजधानी राज्य राष्ट्रीय

नई दिल्ली। नीलू सिंह
पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा का कहना है कि सपा और बसपा को उत्तर प्रदेश में अपने गठबंधन में कांग्रेस को भी शामिल कर लेना चाहिए, ताकि भाजपा का खेल खत्म हो जाए।
यशवंत सिन्हा ने कहा कि भाजपा के खिलाफ एक साझा उम्मीदवार उतारने का विचार भी अमल में लाया जा सकता है। उन्होंने विश्वास के साथ कहा कि अगर राष्ट्रीय स्तर पर महागठबंधन नहीं होता है तो भाजपा को किनारे करने के लिए राज्यों में गठबंधन होंगे। पिछले साल भाजपा से इस्तीफा देकर गैर दलीय मंच ‘राष्ट्र मंच’ गठन कर चुके सिन्हा ने कहा कि विपक्षी दलों को उनकी सलाह है कि उन्हें एक साथ आना चाहिए और एक मजबूत गठबंधन बनाना चाहिए। इसके अलावा दलों को राष्ट्रीय स्तर पर एक न्यूनतम साझा कार्यक्रम भी चलाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा उठाए जा रहे सवाल ‘मोदी के खिलाफ कौन’ की ओर जाने की कोई जरूरत नहीं है। ममता बनर्जी, मायावती, शरद पवार, एचडी देवेगौड़ा और राहुल गांधी जैसे कई नेता हैं, जिनमें प्रधानमंत्री बनने के गुण हैं। प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में प्रवेश के सवाल पर उन्होंने कहा कि इससे उत्तर प्रदेश के साथ-साथ देश में मतदाताओं पर प्रभाव पड़ेगा और कांग्रेस को मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *