सपा ने विधानसभा उपाध्यक्ष पद पर ठोकी ताल

उत्तरप्रदेश लाइव राज्य समाचार लखनऊ

लखनऊ। राजेंद्र तिवारी
समाजवादी पार्टी ने विधानसभा उपाध्यक्ष पद के लिए अपना प्रत्याशी उतारने का ऐलान कर दिया है। सपा के ऐलान के साथ ही सियासी गलियारे में हलचल तेज हो गई है। भाजपा ने जहां सपा के बागी नितिन अग्रवाल को अपना समर्थन दिया है, वहीं सपा ने नरेंद्र वर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है। 18 अक्तूबर को होने जा रहे विधानसभा के सत्र में नितिन अग्रवाल का मुकाबला सपा के नरेंद्र वर्मा से होगा। दोनों प्रत्याशी रविवार को अपना नामांकन करेंगे।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को सीतापुर की महमूदाबाद सीट से विधायक नरेन्द्र सिंह वर्मा को विधानसभा उपाध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित कर दिया है। सपा की ओर से कहा गया है कि पार्टी के सभी विधायक शनिवार दोपहर दो बजे पार्टी मुख्यालय अनिवार्य रूप से पहुंचे। 18 अक्टूबर 2021 को विधानसभा का विशेष सत्र आहूत किया गया है जिसमें विधानसभा उपाध्यक्ष पद का चुनाव होना है।
गौरतलब है कि विधानसभा अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव अक्सर सर्वसम्मति से ही होता रहा है। सत्ता पक्ष का अध्यक्ष व मुख्य विपक्षी दल की ओर से नामित सदस्य को उपाध्यक्ष बनाया जाता है। पर अब जब नई विधानसभा के गठन के लिए चुनाव होना है तब मौजूदा विधानसभा में उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर सियासत गरमा गई है। हालांकि अगर वोट पड़े तो नितिन अग्रवाल का जीतना तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *