नई दिल्ली, देव कुमार। राजा रघुवंशी की हत्या में बडी साजिश रची गई थी। सोनम और उसके आशिक ने इसे दुर्घटना या अत्महत्या का रूप देने की पूरी साजिश रच ली थी, लेकिन मंगलसूत्र ने पूरे खेल पर पानी फेर दिया। यह दावा करते हुए शिलांग पुलिस ने बताया कि राजा रघुवंशी हत्याकांड में सोनम रघुवंशी की मंशा राजा की हत्या को दुर्घटना या आत्महत्या बताने की थी।बताया जाता है कि राजा रघुवंशी की हत्या दिन में एक से डेढ़ बजे के बीच हुई थी, जबकि राजा के सोशल मीडिया अकाउंट से दोपहर 2.15 बजे एक पोस्ट किया गया। आशंका है कि राजा के फोन से पोस्ट करने के बाद सोनम ने उसका फोन भी फेंक दिया। सोनम ने बुधवार को अपना जुर्म कबूल कर लिया था। आरोपियों से मेघालय पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। शिलांग में एक होटल के मैनेजर ने कहा कि राजा और सोनम यहां कमरे के लिए आए थे, लेकिन यहां पर कमरा उन्हें नहीं मिला। उन्होंने अपना सामान भी यहीं तीन दिनों तक रख दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को इस बारे में सूचना दी गई। मेघालय के मंत्री अलेक्जेंडर लालू हेक ने कहा कि वह राजा रघुवंशी हत्या मामले को पूरी तरह से संगठित और पूर्व नियोजित अपराध मानते हैं। आरोपियों को कानून के अनुसार सजा मिले। मेघालय सरकार ने गुरुवार को एक पर्यटक गाइड और 35 अन्य को सम्मानित किया है। राज्य पुलिस को इन लोगों ने राजा रघुवंशी के शव का पता लगाने में मदद की थी।
