तो भाजपा में शामिल होंगे निर्दल विधायक राम सिंह कैड़ा

उत्तराखंड लाइव गढ़वाल देहरादून नैनीताल राष्ट्रीय

हल्द्वानी। अनीता रावत
भीमताल के निर्दलीय विधायक राम सिंह कैड़ा आज दिल्ली या देहरादून में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। गुरुवार रात वह देहरादून के लिए रवाना हो गए। विधायक के करीबी सूत्रों के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं से उनकी बात हो चुकी है। ऐसे में शुक्रवार को वह पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। वहीं विधायक का कहना है कि वे जरूरी काम से देहरादून जा रहे हैं। भाजपा में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। नैनीताल में बीते माह आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने भी निर्दलीय विधायक राम सिंह कैड़ा की तारीफ की थी। निर्दलीय विधायक होने के बावजूद कैड़ा लगातार जिले में होने वाले हर बड़े सरकारी कार्यक्रमों का हिस्सा बनते रहे हैं।
भीमताल विधानसभा से निर्दलीय विधायक राम सिंह कैड़ा के काफी समय से भाजपा में जाने की चर्चाएं हैं। विधायक कैड़ा भी लगातार इसके इशारे देते रहे हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के लिए अपनी सीट छोड़ने की बात भी कही थी। जिसके बाद से इन चर्चाओं ने ज्यादा जोर पकड़ा। विधायक कैड़ा ने कभी भी भाजपा में जाने की चर्चाओं का खंडन नहीं किया। बल्कि वह समय के साथ निर्णय की बात करते रहे हैं। बीते दो दिनों से उनके भाजपा में जाने की राजनीतिक सरगरमियां काफी तेज हो गई थी। विधायक से जुड़े करीबी सूत्रों के अनुसार गुरुवार शाम उनकी भाजपा में एंट्री की पूरी पटकथा लिख दी गई है। शुक्रवार दोपहर तक देहरादून में ही या दिल्ली में उनकी ज्वाइनिंग हो सकती है। राम सिंह कैड़ा के भाजपा में आने की खबरों पर भीमताल के भाजपा नेताओं में जबरदस्त नाराजगी है। करीब आधा दर्जन से अधिक भाजपा नेता इस बार भीमताल विधानसभा से पार्टी का टिकट पाने का सपना पाले हैं। भाजपा में कैड़ा के आने से इन सबके भविष्य के सपनों को तगड़ा झटका लग सकता है। यही कारण कि टिकट के दावेदार ज्यादातर भाजपा नेता कैड़ा की एंट्री से नाराज बताए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *