उत्तराखंड भाजपा को झटका, मंत्री यशपाल अपने विधायक बेटे संग कांग्रेस में शामिल

अल्मोड़ा उत्तराखंड लाइव ऊधम सिंह नगर गढ़वाल देहरादून नैनीताल मुख्य समाचार हरिद्वार

हल्द्वानी। अनीता रावत
उत्तराखंड में 2022 में होने वाले विधान सभा चुनाव से कुछ माह पहले ही भाजपा को करारा झटका लगा है। राज्य के परिवहन मंत्री यशपाल आर्य अपने बेटे नैनीताल विधायक संजीव आर्य के साथ सोमवार को कांग्रेस में फिर से शामिल हो गए।


बाजपुर से विधायक और समाज कल्याण मंत्री यशपाल आर्य और नैनीताल विधानसभा सीट से विधायक उनके बेटे संजीव आर्य सोमवार को फिर से कांग्रेसी हो गए। दोनों 2017 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। लेकिन करीब चार साल में ही दोनों की घर वापसी हो गई। सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला, प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की मौजूदगी में अपने समर्थकों के साथ दोनों कांग्रेस में शामिल हुए। इससे पहले यशपाल आर्य ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की थी। कांग्रेस में फिर से शामिल होने के बाद यशपाल आर्य ने कहा कि आज का दिन मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। आज पुनः अपने परिवार में शामिल हो रहा हूं। सुकून महसूस कर रहा हूं। मेरे सियासी सफर का आगाज कांग्रेस से हुआ। मैंने 40 साल तक कांग्रेस में काम किया है। यूपी से लेकर उत्तराखंड तक, जिला अध्यक्ष से लेकर स्पीकर के रूप में सेवा दी है। दो बार पीसीसी का अध्यक्ष रहा। कांग्रेस ने मुझे हमेशा बड़ी जिम्मेदारी दी। आज फिर से कांग्रेस में शामिल हुआ हूं। मेरा धर्म-कर्म होगा कि कांग्रेस को उत्तराखंड में स्थापित करने में काम करुं। कांग्रेस मजबूत होगी तो लोकतंत्र मजबूत होगा, एक कार्यकर्ता के रूप में काम करुंगा। यशपाल ने कहा कि अब कोई लालसा नहीं है, जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी उसे ईमानदारी से निभाऊंगा। गौरतलब है कि यशपाल आर्य 2007 से 2014 तक कांग्रेस की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष थे और रावत के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकार में मंत्री और विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *