देहरादून में भाजपा नेता पर छेड़खानी का मुकदमा

उत्तराखंड लाइव देहरादून राष्ट्रीय

देहरादून। भाजपा के पूर्व संगठन महामंत्री संजय कुमार के खिलाफ छेड़खानी, उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज हो गया है। पीड़ित महिला के बयान दर्ज कराने के बाद देर रात पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला के बयान एवं जांच के आधार पर देहरादून कोतवाली में संजय कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने बताया कि संजय के खिलाफ छेड़खानी, उत्पीड़न एवं जान से मारने से संबंधित धाराएं लगाई गई हैं। उन्होंने बताया कि एसपी की तरफ से पीड़ित महिला को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस जारी करने के बाद भी वह नहीं आ रही थी। लेकिन शनिवार को पीड़ित महिला एसपी देहात सरिता डोभाल के पास पहुंचीं और अपना बयान दर्ज कराया। पीड़िता इस प्रकरण में मुकदमा दर्ज कराना चाहती है। पीड़िता ने कुछ ऑडियो की क्लिप देने की बात भी कही है। इसके बाद देर रात कोतवाली में भाजपा नेता संजय कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। गौरतलब है कि पीड़िता ने 10 नवंबर को भाजपा के तत्कालीन संगठन महामंत्री संजय कुमार पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराने के लिए एसएसपी को ई-मेल भेजा था। 11 नवंबर को आरोपों की जांच एसपी देहात सरिता डोभाल को सौंपी गई थी। सूत्रों के अनुसार भाजपा से जुड़ी एक महिला ने प्रदेश भाजपा के महामंत्री (संगठन) संजय कुमार पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाकर उत्तराखंड की राजनीति में सियासी भूचाल ला दिया था। महिला कार्यकर्ता ने संजय कुमार पर अश्लील मैसेज भेजने और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया था। पार्टी स्तर पर कार्रवाई न होने पर पीड़ित महिला ने एसएसपी को ई-मेल के जरिये तहरीर भेजते हुए मुकदमा दर्ज की मांग की थी। मामला सुर्खियों में आने के बाद भाजपा ने संजय कुमार को पद से हटा दिया था।