राहुल और प्रियंका पासा पलट देंगे : पित्रोदा

दिल्ली दिल्ली लाइव देश मुख्य समाचार राजधानी राज्य

नई दिल्ली। नीलू सिंह
राजीव गांधी सरकार में देश में संचार क्रांति का नेतृत्व करने वाले सैम पित्रोदा ने रविवार को कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा युवाओं का वोट हासिल करने में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के लिए सहायक होंगी। ये दोनों नेता लोकसभा चुनाव में पार्टी के लिए पासा पलटने वाले साबित होंगे। देश को युवा टीम की जरूरत है।
पित्रोदा ने कहा कि राहुल-प्रियंका, दोनों लोग पार्टी में सक्रिय सचिन पायलट, ज्योतिरादित्य सिंधिया और मिलिंद देवड़ा सहित अन्य कई युवा नेताओं के साथ एक शानदार टीम बनाएंगे। ये लोग देश को इतिहास और धर्म पर लटकाने के बजाय उसे आगे लेकर जाएंगे।
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस चीफ पित्रोदा ने कहा कि राहुल ने 2014 के चुनाव से काफी कुछ सीखा है और वह कहीं अधिक परिपक्व, मजबूत, बुद्धिमान हैं और प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने को तैयार हैं। मनमोहन सिंह (पूर्व प्रधानमंत्री) सरकार के दौरान ज्ञान आयोग का नेतृत्व कर चुके पित्रोदा ने शिकागो से दिए एक इंटरव्यू में कहा कि भारत को एक ऐसे युवा नेतृत्व की जरूरत है जिसके पास भविष्य की समावेशी दूरदृष्टि हो, जो रोजगार का ध्यान रखे और सबके लिए नए अवसर लेकर आए।
गांधी परिवार के लंबे समय से मित्र रहे पित्रोदा ने कहा, भारत को आज ऐसे व्यक्ति की जरूरत है, जो टीमवर्क, सामंजस्य और सहयोग में यकीन रखता हो और यह केंद्रीकृत शक्ति केंद्र के उलट है। भारत को आज सचमुच में ऐसे व्यक्ति की जरूरत है जो झूठ के बजाय सच में यकीन रखता हो, जो विश्वास में यकीन रखता हो ना कि फरेब में, जो समावेश में यकीन रखता हो ना कि किसी को बाहर करने में। राहुल भारत का नेतृत्व करने की सही उम्र में हैं।
पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी कांग्रेस महासचिव के तौर पर सक्रिय राजनीति में प्रियंका गांधी के पदार्पण के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह एक बड़ी और अच्छी नेता बनेंगी। उन्होंने कहा कि उन्हें आशा है कि प्रियंका के सक्रिय राजनीति में आने से चुनावों पर बड़ा प्रभाव पड़ेगा।
पित्रोदा ने कहा, वह (प्रियंका) अपने भाई की कोशिशों में सहायक साबित होंगी। युवाओं, खासतौर पर महिलाओं को उत्साहित करने में वह उनका साथ देंगी। वे दोनों युवा हैं, वे पार्टी में एक बड़ी युवा टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं, वे आधुनिक हैं, वे तकनीक से जुड़े लोग हैं और उनके मन में इतिहास के लिए सम्मान है और उनके पास भविष्य की दूरदृष्टि भी है। पित्रोदा को गांधी परिवार के लिए एक मुख्य सलाहकार के तौर पर देखा जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *