प्रियंका गांधी आज कांग्रेस की वापसी कराने की लेंगी ‘प्रतिज्ञा’

उत्तरप्रदेश लाइव राज्य समाचार लखनऊ

लखनऊ। राजेंद्र तिवारी
कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी और महासचिव प्रियंका गांधी रविवार को चंपा देवी पार्क में प्रतिज्ञा रैली को संबोधित करेंगी। रैली को अंतिम रूप देने में कांग्रेसी पूरे दिन जुटे हैं। कांग्रेस के कार्यकर्ता देर रात तक गाड़ियों का इंतजाम कर भीड़ जुटाने की जद्दोजहद में दिखे। प्रियंका यहां आठ प्रतिज्ञा का हवाला देकर कांग्रेस की खोई जमीन को तलाशने की कोशिश करेंगी। रविवार को होने वाली रैली में प्रियंका के अलावा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी रैली को संबोधित करेंगे।
वाराणसी की सफल रैली के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत सभी दिग्गज कांग्रेसी रैली को सफल बनाने में जुट गए हैं। शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष ने रैली स्थल पर तैयारियों का जायजा भी लिया। इस दौरान अजय कुमार लल्लू ने कहा कि गोरखपुर में प्रियंका गांधी की ऐतिहासिक रैली होगी। गरीबों, मज़लूमो की हक की लड़ाई और न्याय दिलाने के लिए प्रियंका सबसे मुखर होकर लड़ रही हैं। वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जंगलराज कायम है। हमारी नेता जब भी कोई घटना होती है, सबसे पहले पहुंचती हैं। लखीमपुर खीरी में पीड़ित परिवार से मिलकर प्रियंका गांधी ने मदद की। प्रतिज्ञा रैली हर हाल में सफल होगी।
वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष विश्वविजय सिंह ने कहा कि प्रियंका गांधी की इस रैली से सत्तापक्ष परेशान है। सच तो यह है उत्तर प्रदेश के अंदर किसी भी तरह का विकास का काम नहीं हुआ। नई-नई योजनाएं जनता को भ्रमित करने के लिए लांच की जा रही है। कांग्रेस की जोनल प्रवक्ता डॉ. सुरहिता करीम ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि रैली में गोरखपुर के आसपास से डेढ़ लाख से अधिक लोग आ रहे हैं प्रियंका को सुनने I रैली में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रख्यात शायर और माइनॉरिटी सेल के राष्ट्रीय चेयरमैन इमरान प्रतापगढ़ी, सलमान खुर्शीद, पीएल पुनिया, वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी, पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह, सांसद दीपेंद्र हुड्डा रैली को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ने जो नारा दिया है जो ‘मैं लड़की हूं और लड़ सकती हूं’, इससे महिलाओं में जबरदस्त उत्साह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *