अमेरिका में फिर गोलीबारी, संदिग्ध को पुलिस ने मार गिराया

अंतरराष्ट्रीय

वाशिंगटन।
अमेरिका में पर्यटन जिला न्यू ओरलियंस के फ्रेंच क्वार्टर की सीमा पर रविवार को पुलिस एवं एक संदिग्ध के बीच गोलीबारी की घटना में पांच राहगीर घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। घटना के दौरान पुलिस ने संदिग्ध को मार गिराया। लुईिसयाना शहर के मशहूर मार्डी ग्रास महोत्सव से करीब दो सप्ताह पहले यह घटना हुई। न्यू ओरलियंस पुलिस के प्रमुख शॉन फग्र्यूसन ने बताया कि हमले में घायल हुए ये सभी लोग वहां बस स्टॉप पर मौजूद थे और उनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। फग्र्यूसन ने बताया कि अधिकारियों ने हाल में हुई लूटपाट की एक घटना के सिलसिले में शख्स से पूछताछ की कोशिश की थी लेकिन उसने बंदूक निकाल ली और गोली दागने लगा। घटना कनाल एवं एल्क मार्ग पर हुई। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने भी जवाबी गोलीबारी की। दोनों ओर से गोलीबारी में पांच बेकसूर राहगीर घायल हो गए। फग्र्यूसन ने बताया कि गोलीबारी एल्क मार्ग से तुलाने एवेन्यू तक होती रही, जहां हमलावर ने एक पुलिस अधिकारी पर गोली चलायी थी जिन्होंने संदिग्ध पर जवाबी गोलीबारी की। गोलीबारी में घायल संदिग्ध ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि संघीय जांच ब्यूरो और एक स्वतंत्र निगरानी संस्था ने मामले में जांच की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *