ऊधमसिंह नगर में 15 को राकेश टिकैत निकालेंगे तिरंगा यात्रा

उत्तराखंड लाइव ऊधम सिंह नगर राज्य समाचार

हल्द्वानी। अनीता रावत

भारतीय किसान यूनियन नेता राकेश टिकैत स्वतंत्रता दिवस पर ऊधमसिंह नगर जिले में तिरंगा यात्रा निकालेंगे। सौ किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा सितारगंज से प्रारंभ होकर काशीपुर में संपन्न होगी। इस दौरान टिकैत किच्छा मंडी में ध्वजारोहण भी करेंगे।


संयुक्त किसान मोर्चा के प्रवक्ता और किसान नेता जगतार सिंह बाजवा ने शुक्रवार को कार्यक्रम की जानकारी दी। बाजवा ने बताया कि मोर्चा ने 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) को किसान-मजदूर संग्राम दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इसके तहत देशभर में तहसील स्तरों पर तिरंगा यात्राएं निकाली जायेंगी। बताया कि भाकियू नेता राकेश टिकैत उत्तराखंड में प्रस्तावित तिरंगा यात्रा में खुद शामिल होंगे। बाजवा ने बताया कि टिकैत की अगुवाई में नानकमत्ता से तिरंगा यात्रा प्रारंभ होगी। यह यात्रा नानकमत्ता से सितारगंज होते हुये किच्छा पहुंचेगी। किच्छा में टिकैत मंडी परिसर में ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद रुद्रपुर, गदरपुर, बाजपुर से यात्रा दोराहा पर आयेगी। दोराहा में शहीद ऊधमसिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण और देश की आजादी के लिये बलिदान देने वाले शहीदों को नमन के बाद तिरंगा यात्रा कनकपुर से होकर काशीपुर में संपन्न होगी। बाजवा ने बताया कि यात्रा में ऊधमसिंह नगर जिले समेत कुमाऊं, यूपी और उत्तराखंड के अन्य जिलों से भी किसान-मजदूर शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *