शादी से इनकार पर प्रेमी ने फेसबुक पर लाइव किया सुसाइड

पटना बिहार लाइव भागलपुर राज्य समाचार

पटना। राजेन्द्र तिवारी

बिहार में एक प्रेमी ने फेसबुक पर लाइव खुदकशी कर ली। साथ ही सुसाइड नोट भी फेसबुक पर डाला। मामला भागलपुर का है। जानकारी के अनुसार जोगसर में महेश जायसवाल के घर में गगन सिंह (23) ने फंदा लगाकर खुदकशी कर ली। फंदे से झूलने के पहले गगन ने खुदकशी की तैयारी का वीडियो फेसबुक पर लाइव कर दिया। उसने सुसाइड नोट भी छोड़ा है। युवक नया बाजार स्थित एक प्राइवेट नर्सिंग होम में कंपाउंडर था। वह किराए के मकान में रहता था। वह मूलरूप से बांका जिले का रहने वाला था। सूत्रों के अनुसार चार दिन पहले वह छुट्टी लेकर घर जाने की बात कहकर निकला था। रविवार की शाम को वह अपने कमरे में आया। सोमवार सुबह अचानक उसका एक साथी घर पहुंचा और फेसबुक वाली बात बताई। यह देख हड़बड़ा कर वे लोग जब उसके कमरे तक गए तो गेट अंदर से बंद था। कोशिश करने पर जब गेट नहीं खुला तो पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दीवार तोड़कर घर में प्रवेश किया तो देखा कि गगन फंदे से लटका है। मौके से दो पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट के मुताबिक वह बांका की ही एक लड़की से बहुत प्यार करता था। वह भागलपुर में ही रहकर पढ़ती है। लड़की के पिता को इस संबंध के बारे में जानकारी हो गई थी। लड़की के घर वाले शादी को तैयार नहीं थे। पुलिस ने सुसाइड नोट और मोबाइल जब्त कर लिया है।
गगन के पिता अशोक सिंह पेशे से किसान हैं। उसके दो बेटे थे। बड़ा बेटा चंदन सिंह दिल्ली में रहकर काम करता है। गगन छोटा लड़का था। घटना की जानकारी होने पर उसके पिता समेत अन्य लोग बांका से भागलपुर पहुंचे। पिता बेटे के शव को देखकर दहाड़ मारकर रो रहे थे। लाइव सुसाइड की बात सुनकर काफी संख्या में लोग घर के बाहर जुटे हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *