छतबीड़ चिड़ियाघर में शेरों ने युवक को मार डाला

देश राज्य राष्ट्रीय

नई दिल्ली। चंडीगढ़ से करीब 20 किलोमीटर दूर जिरकपुर में छतबीड़ चिड़ियाघर में रविवार को शेरों ने एक व्यक्ति को मार डाला।
चिड़ियाघर के अधिकारियों के मुताबिक, व्यक्ति 25 फुट से अधिक ऊंची दीवार फांद कर बाड़े में प्रवेश कर गया और इससे पहले कि वह वहां से निकलता दो शेरों ने उस पर हमला कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना दोपहर 2.20 बजे घटी। करीब 30 वर्षीय पीड़ित की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। चिड़ियाघर के फील्ड निदेशक एम. सुधागरब ने बताया, व्यक्ति के गर्दन पर जख्म के गहरे निशान हैं। उसे गंभीर हालत में सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि बाड़े में एक शेर और एक शेरनी थी। उन्होंने बताया कि शेरनी ने पहले व्यक्ति पर हमला किया।
छत्तबीड़ चिड़ियाघर के डायरेक्टर एम सुधागरब ने बताया कि शेर मृतक के शव को लॉयन सफारी के अंदर घसीट कर ले गया। इसके बाद जू कीपर ने घटना की जानकारी दी। घायल को चंडीगढ़ के सेक्टर 32 अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां डॉक्टरों ने उसे मृत करार दे दिया। इसके बाद वन विभाग के कर्मियों ने तत्काल शेरों को उनके पिंजरों में बंद कर दिया।
सुधागरब ने कहा कि घटना की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस लॉयन सफारी में 4 शेर हैं जो खुले में रहते है और पर्यटकों को एक बंद बस में अंदर शेर दिखाने ले जाया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *