देव महोत्सव में हंगामा, लाठीचार्ज, पथराव

आरा गया छपरा दानापुर पटना बक्सर बिहार लाइव भागलपुर भोजपुर सासाराम

औरंगाबाद।

देव सूर्य महोत्सव में मंगलवार की रात हंगामा हो गया। उग्र दर्शकों ने सैकड़ो कुर्सियां तोड़ दी और उसके बाद पथराव होने लगा। पथराव होता देख औरंगाबाद के डीएम राहुल रंजन महिवाल कार्यक्रम स्थल से निकल गये। इसके बाद पकार्यक्रम को रद्द कर दिया। रात 9 बजे भोजपुरी गायिका अक्षरा सिंह के कार्यक्रम के दौरान ही भीड़ बेकाबू हो गई और जमकर पथराव हुआ। इस दौरान पंडाल फाड़ दिया गया और लोगों ने सौ से अधिक कुर्सियां तोड़ डालीं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसके बाद हंगामा और बढ़ गया। भीड़ द्वारा किए जा रहे हंगामे को रोकने के लिए प्रशासन ने मंच से अपील भी की, लेकिन इसका असर नहीं हुआ। दर्शक दीर्घा के पिछले हिस्से में एक-एक करके सैकड़ों कुर्सियां तोड़ी और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसी दौरान डीएम राहुल रंजन महिवाल सपरिवार यहां से निकल कर चले गए। यहां काफी संख्या में सुरक्षा बल मौजूद थे जिन्होंने युवकों को रोकने का प्रयास किया। हंगामा जारी रहने पर एसडीओ डॉ. प्रदीप कुमार ने मंच से कार्यक्रम को रद्द किए जाने की घोषणा की और लोगों से वापस जाने को कहा। इसके बाद भी भीड़ जमी रही। कुछ लोग धीरे-धीरे खिसक गए वहीं कई लोगों को पंडाल से बाहर निकाल दिया गया। आयोजन स्थल पूरी तरह पुलिस छावनी में बदल गया और एक व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस संबंध में एसपी डॉ सत्यप्रकाश ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *