बारिश का यूएई में कहर, घरों और दफ्तरों में कैद हुए लोग

अंतरराष्ट्रीय

दुबई। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में हुई रिकॉर्ड बारिश ने लोगों की परेशानियों को बढ़ा दिया है। जलभराव के कारण सैंकड़ों लोग पूरे देश में अलग-अलग स्थानों पर फंसे हुए हैं। सड़कें अब भी पानी में डूबी हैं। भारी बारिश के कारण यूएई के कई हिस्सों में जीवन ठप हो गया है।
बारिश ने काफी नुकसान भी पहुंचाया है। बाढ़ के कारण निवासी ट्रैफिक जाम, सड़कें बाधित होना, रोजमर्रा का सामान न मिलना, विद्युत आपूर्ति ठप होने जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। कई लोगों ने घरों से पानी के रिसाव की सूचना दी। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में मॉल की छतों से पानी बहते देखा जा सकता है। जलभराव के कारण कई राजमार्गों पर एक ही तरफ का ट्रैफिक चल रहा है। दुबई को अबू धाबी से जोड़ने वाली सड़क बंद है। दुबई समेत कई हवाई अड्डों के रनवे अब भी पानी में डूबे हुए हैं, जिससे उड़ानों को रद्द कर दिया गया है या वह देरी से उड़ रही है। दुबई हवाई अड्डे के टर्मिनल एक को विदेशी उड़ानों के लिए खोल दिया गया। वहीं टर्मिनल तीन पर बड़ी संख्या में लोग अब भी लोग चेक इन के लिए लंबा इंतजार कर रहे हैं। बुधवार को हवाई अड्डे पर फंसे लोगों तक खाना नहीं पहुंचा, जिससे उन्हें भूखे रहना पड़ा। बाढ़ के पानी के कारण सड़कें पूरी तरह अवरुद्ध थीं, जिससे लोगों तक भोजन नहीं पहुंच गया और जो पहुंचा वो बेहद सीमित था। यूएई में एक और ओमान में 20 लोगों की मौत की खबर है। सड़कों पर जलजमाव होने के कारण ऑनलाइन सेवा संचालकों ने रोजमर्रा के सामान की आपूर्ति के ऑनलाइन ऑर्डर नहीं लिए। कई जगहों पर सब्जी, फल, दूध, ब्रेड आदि की आपूर्ति भी नहीं हो सकी। बाजार, किराना, दुकान, मॉल आदि में पानी भर जाने के कारण लोगों को रोजमर्रा की जरूरत की चीजों से महरूम रहना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *