कश्मीर में भारी बर्फबारी से अन्य हिस्सों से संपर्क टूटा

देश देहरादून राज्य राज्य समाचार

श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में हुई भारी बर्फबारी से सड़क यातायात और हवाई सेवाएं बंद हो गई है। इससे कश्मीर का देश के अन्य हिस्सों से संपर्क कट गया है। वहीं पंजाब और हरियाणा में शनिवार को भी ठंड का प्रकोप जारी है जहां नारनौल 3.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ क्षेत्र का सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है। उधर दिल्ली में कोहरे के चलते 13 ट्रेनों में दो से तीन घंटे की देरी हुई और शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तराखंड में भी पहाड़ों पर जमकर बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है।
कश्मीर के मैदानी और पहाड़ी समेत ज्यादातर इलाकों में शुक्रवार रातभर भारी बर्फबारी हुई है। घाटी में शुक्रवार दोपहर बाद शुरू हुई बर्फबारी सुबह तक जारी रही। जानकारी के अनुसार घाटी के ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी के चलते श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य मार्गों को बंद कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार मुगल रोड, श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग और बांदीपुरा-गुरेज मार्ग को भी बंद कर दिया गया है। वहीं बर्फबारी की वजह से श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर हवाई सेवाएं भी बाधित हुई हैं। हवाईअड्डे पर एक अधिकारी ने कहा कि नौ बजे आने वाली एक उड़ान को बर्फबारी के बाद दृष्यता कम होने के चलते रद्द कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार श्रीनगर में सुबह 8:30 बजे तक 10 इंच तक बर्फबारी हुई है और मशहूर स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में दो फुट, काजीगुंड में 11 इंच, कोकेरनाग में 3 इंच, पहलगाम में 16 इंच और कुपवाड़ा में 17 इंच तक बर्फ गिरी है। उत्तराखंड में मुनस्यारी, हर्षिल और औली के साथ पर्वतीय क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई। केदारनाथ में शनिवार सुबह से हो रही बर्फबारी रविवार देरशाम तक जारी रही। जिससे यहां पुनर्निर्माण कार्य भी नहीं हो सका। माद्महेश्वर, तुंगनाथ, चंद्रशिला और चोपता की पहाड़ियां भी बर्फ से लकदक हैं।उधर, बदरीनाथ और औली में भी बर्फवारी जारी है। औली में पर्यटकों ने ढेरा डाल दिया है। यहां सारे रिजार्ट और होटल पर्यटकों से फुल हैं। वहीं, हेमकुंड, फूलों की घाटी, स्वार्गारोहणी, नीलकंठ, नंदा देवी क्षेत्र में भी हिमपात जारी है। उधर, उत्तरकाशी में गंगोत्री, यमुनोत्री सहित हर्षिल घाटी और दूसरी ऊंचाई वाली चोटियां भी बर्फ से ढक गई हैं। मौसम बदलने से तापमान में काफी गिरावट आई है।