नैनीताल में दिल्ली के पर्यटकों की कार खाई में गिरी, आठ घायल

उत्तराखंड लाइव ऊधम सिंह नगर नैनीताल राज्य समाचार

हल्द्वानी। अनीता रावत
दिल्ली से नैनीताल घूमने आ रहे पर्यटकों की कार शनिवार को बल्दियाखान क्षेत्र में अनियंत्रित होकर 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार आठ पर्यटक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकाला। जिन्हें उपचार के लिए बीडी पांडे जिला अस्पताल भेजा गया।


तिलक नगर दिल्ली निवासी हरदीप सिंह इनोवा कार संख्या एचआर-65ए-0585 से प्रीतमपुरा दिल्ली निवासी पर्यटकों को लेकर नैनीताल आ रहा थे। नैनीताल से करीब 10 किमी पहले ज्योलीकोट के समीप बल्दियाखान क्षेत्र में कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। संयोग से करीब 40 मीटर नीचे पेड़ पर कार अटक गई। हादसे में कार सवार प्रीतमपुरा निवासी एसके मल्होत्रा, आशा मल्होत्रा, अंकुश मल्होत्रा, अक्षय मल्होत्रा, वीरेंद्र सापरा, विहा सापरा, पलक सापरा समेत कार चालक हरदीप सिंह घायल हो गए। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इस बीच वाहन चालक ने भी 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर तल्लीताल एसओ रोहिताश सिंह सागर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने करीब आधे घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद 108 की मदद से घायलों को बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत में सुधार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *