सरकार ने काम नहीं किया तो फिर गठबंधन क्यों

दिल्ली देश मुख्य समाचार राज्य लखनऊ

चेन्नई। अगर केंद्र सरकार ने कोई काम ही नहीं किया तो विपक्षी यह गठबंधन क्यों कर रहे है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को तमिलनाडु में विपक्षी दलों के गठबंधन पर निशाना साधते हुए यह सवाल किए। प्रधानमंत्री ने कहा कि युवा, किसान और महिलाओं सहित समाज के अनेक वर्गों का भाजपा सरकार के साथ मजबूत संबंध है। प्रधानमंत्री का यह बयान आगामी लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश में सपा और बसपा के गठबंधन करने की घोषणा के एक दिन बाद आया है।
तमिलनाडु में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हम अन्य दलों की भांति हम ‘बांटो और राज करो के लिए अथवा वोट बैंक बनाने के लिए राजनीति में नहीं हैं। हम यहां हर तरीके से देश की सेवा के लिए है। उन्होंने कहा कि विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए आने वाले चुनाव भाजपा और देश के लिए अहम है। उन्होंने कहा कि एक ओर हमारे पास विकासात्मक एजेंडा है। इसके उलट विपक्ष खेमे में अवसरवादी गठबंधन हैं, वशंवादी पार्टियां हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए सवाल किया, अगर मोदी इतना खराब है और सरकार काम नहीं कर रही है, तो यह गठबंधन क्यों। क्या आपको अपने ऊपर भरोसा नहीं होना चाहिए। वे जानते हैं कि यह काम करने वाली सरकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल अपना साम्राज्य खड़ा करना चाहते हैं। लेकिन हम जनता को सशक्त करना चाहते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं की तारीफ करते हुए विश्वास जताया कि वे आगामी चुनावों में पार्टी की जीत को फिर से सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता किसी निजी स्वार्थ से प्रेरित नहीं हैं बल्कि राष्ट्रीय हित से प्रेरित हैं। मोदी ने कहा, केवल उनकी पार्टी ही ऐसी है, जिसमें सामाजिक रूप से पिछड़े और आर्थिक रूप से गरीब परिवार में जन्मा व्यक्ति भी शीर्ष पद पर पहुंच सकता है। मोदी ने कहा कि भाजपा की सफलता से स्वाभाविक रूप से कुछ ऐसे लोग नाराज होते हैं, जिन्होंने कुछ नहीं किया बल्कि नकारात्मक राजनीति की है। लेकिन उन्हें भारत के लोगों को कम नहीं आंकना चाहिए। विपक्ष में हमारे मित्र वैसे भी बहुत भ्रमित है। वे मोदी को खराब कहने का कोई मौका नहीं गंवाते। लेकिन उन्हें हाल में नापसंद किया गया था और शायद अब भी किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *