परिवर्तन यात्रा में हरीश की हुंकार, मोदी को घेरा

उत्तराखंड लाइव ऊधम सिंह नगर देहरादून राष्ट्रीय हरिद्वार

हल्द्वानी। अनीता रावत

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पहले चरण की परिवर्तन यात्रा शनिवार को हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में पहुंची। यहां करीब 10 किलोमीटर लंबे जलसैलाब ने यात्रा के स्वागत में कोई कसर नहीं छोड़ी। जगह-जगह फूलों की बरसात और शंख की ध्वनि के बीच यात्रा देर शाम रामलीला मैदान पहुंची। जहां कांग्रेस की चुनाव संचालन कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व सीएम हरीश रावत ने एक मंच से विधानसभा और लोकसभा चुनाव दोनों पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेसी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से 2022 विधानसभा चुनाव के साथ-साथ 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए कमर कसने का आह्वान किया। कहा कि कांग्रेस का मुकाम केवल देहरादून ही नहीं, बल्कि दिल्ली भी है।
यहां रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा रात नौ बजे शुरू हुई। जिसमें पूर्व सीएम हरीश रावत ने जनता की नब्ज पकड़ने का कोई भी मौका हाथ से नहीं जाने दिया। उन्होंने कांग्रेसियों से कहा कि वे 2022 में बड़े परिवर्तन के लिए कमर कस लें। 2024 में संविधान और लोकतंत्र बचाने की लड़ाई लड़नी होगी। डॉ.आंबेडकर की विरासत, महात्मा गांधी के विचार और आजादी के नायकों की विरासत सबकुछ खतरे में है। भाजपा सरकार ने 10 हजार पूंजीपतियों की आमदनी 100 गुना बढ़ा दी जबकि, 125 करोड़ की आबादी को 20 से 30% गरीब बना दिया। हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भाजपा को अडानी-अंबानी की सरकार बिल्कुल सही कहते हैं। उन्होंने लोगों से वादा किया कि जब कांग्रेस 2024 में केंद्र में सरकार बनाएगी, तो सबसे पहले तीन काले कृषि कानूनों को फाड़कर यमुना में बहाया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने सबसे पहले पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्व. इंदिरा हृदयेश को याद किया। कहा कि ये ऐसा पहला मौका है जब कांग्रेस के किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में इंदिरा जी मौजूद नहीं हैं। उन्होंने इंदिरा हृदयेश के विकास कार्यों को पूरा करने का संकल्प भी मंच से लिया। वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सबसे पहले जनसभा में उपस्थित जनता को ‘पैलाग’ कहा। गोदियाल नेकहा कि यदि वे इंदिरा जी की कर्मस्थली आकर उन्हें श्रद्धांजलि दिए बिना और उनके लोगों को पैलाग कहे बिना चले जाते हैं तो ये उचित नहीं होगा। गोदियाल ने भी इंदिरा हृदयेश के मकसद और सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया। कांग्रेस उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा कि परिवर्तन रैली के दौरान जो जनसैलाब दिखाई दिया है, उसने साबित कर दिया है कि 2022 में उत्तराखंड में कांग्रेस ही परिवर्तन लाएगी। भाजपा अपने साढ़े चार साल के कार्यकाल में पूरी तरह विफल रही है। प्रदेश प्रभारी ने कहा कि शहीदों की कुर्बानी के बाद उत्तराखंड बना है और उन शहीदों के सपनों का उत्तराखंड, कांग्रेस बनाएगी। जनसभा में सह प्रभारी दीपिका पांडे सिंह, राजेश धर्माणी, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भुवन कापड़ी, प्रोफेसर जीत राम, रणजीत रावत, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्य, राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व काबीना मंत्री हरीश दुर्गापाल, राष्ट्रीय सचिव काजी निजामुद्दीन, पूर्व सांसद डॉ.महेंद्र पाल, पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी जरिता लैतफलांग, खजान पांडे, महेश शर्मा, जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल, महानगर अध्यक्ष राहुल छिम्वाल, प्रदेश महामंत्री महिला कांग्रेस शशि वर्मा, प्रदेश सचिव माला वर्मा, प्रदेश महामंत्री सीमा भटनागर, पार्षद विद्या देवी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *