गूगल वैक्सीन की उपलब्धता के बारे में देगा जानकारी

एनसीआर दिल्ली दिल्ली लाइव मुख्य समाचार

नई दिल्ली। टीएलआई
भारत में कोरोना टीकाकरण की रफ्तार को और बढ़ाने के लिए अब गूगल भी मैदान में उतर आया है। गूगल ने बुधवार को कहा कि देश में 13 हजार से अधिक लोकेशन के लिए इस हफ्ते से गूगल सर्च, गूगल मैप्स और गूगल असिस्टेंट की मदद से कोरोना वैक्सीन की उपलब्धता और अपना स्लॉट बुक करने की ज्यादा जानकारी हासिल की जा सकेगी। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने नए फीचर को लॉन्च किया। इसके बाद उन्होंने ट्विट कर कहा, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक और अभूतपूर्व पहल की है, जिससे गूगल सर्च की मदद से आप आसानी से वैक्सीन के लिए स्लॉट ढूंढ सकते हैं।
गूगल सर्च की निदेशक हेमा बुदराजू ने कहा कि वैक्सीन की यह जानकारी कोविन एप्लिकेशन से रीयल टाइम डेटा द्वारा संचालित होगी और इसमें हर केंद्र पर अपॉइंटमेंट स्लाट की उपलब्धता, टीके और खुराक की पेशकश (खुराक 1 या खुराक 2), मूल्य निर्धारण (भुगतान या मुफ्त) और कोविन वेबसाइट से लिंक जैसे विवरण शामिल होंगे। गूगल की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि जब यूजर अपने आस-पास या किसी विशिष्ट क्षेत्र में गूगल खोज, मैप और गूगल असिस्टेंट में वैक्सीन केंद्रों की खोज करेंगे तो यह जानकारी अपने आप दिखाई देगी। यूजर अंग्रेजी के अलावा हिंदी, बंगाली, तेलुगु, तमिल, मलयालम, कन्नड़, गुजराती और मराठी समेत आठ भारतीय भाषाओं में खोज कर सकते हैं। गूगल ने कहा है कि वह भारत के सभी टीकाकरण केंद्रों की जानकारी देने के लिए कोविन टीम के साथ मिलकर काम करना जारी रखेगा। गूगल ने इस साल मार्च में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के साथ साझेदारी के तहत टीकाकरण केंद्रों की जानकारी दिखाना शुरू किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *