ॠषिकेश में गैस सिलेंडर फटने से घर के परखच्चे उड़े

अल्मोड़ा उत्तराखंड लाइव ऊधम सिंह नगर गढ़वाल देहरादून नैनीताल राज्य समाचार हरिद्वार

ॠषिकेश/देहरादून। अनीता रावत

अपर गंगा नगर में बुधवार दोपहर को रसोई गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिससे घर के परखच्चे उड़ गए।गनीमत यह रही कि घटना के वक्त घर में कोई नहीं था। आसपास के लोगों ने घर में रखा दूसरा सिलेंडर और जरूरी सामान बाहर निकाला।
अपर गंगा नगर चामुंडा मंदिर के पास एक घर में दोपहर करीब 12 बजे जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे अफरातफरी मच गई। धमाके की आवाज सुनकर लोग बाहर आए तो देखा कि पड़ोस का घर बुरी तरह से नष्ट हो चुका था। आसपास के लोगों ने घर के अंदर रखे दूसरे गैस सिलेंडर और अन्य सामान को बाहर निकाला। लोगों ने मंदिरके हैंडपंप से पानी निकालकर आग बुझानी शुरू की और फायर बिग्रेड व पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे फायर कर्मी और पुलिस टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारण की कोई जानकारी नहीं लग पाई।
जानकारी के मुताबिक घटना के वक्त भवन स्वामी विनोद सिंह ड्यूटी पर गए थे। विनोद वाहन चालक की नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी रानी सिलाई सीखने और मां छोटी भी घरेलू काम से बाहर गई थीं। विनोद के तीनों बच्चे मोनिका, खुशी और हर्ष स्कूल गए थे। घर में ताला लगा था। विनोद ने बताया कि आग की घटना में घर, कपड़े, टेलीविजन, बर्तन, दो कूलर, दो सिलाई मशीनें, वॉशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर, बर्तन, आलमारी, बेड समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जल गए हैं। पीड़ित परिवार की मदद को भारतीय नारी स्वाभिमान संस्था सामने आई है। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश चौधरी ने बताया कि पीड़ित परिवार के लिए हर संभव मदद की जाएगी। फिलहाल पीड़ित परिवार को चामुंडा देवी मंदिर में अस्थायी निवास का बंदोबस्त किया गया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *