यूएन में मसूद अजहर पर प्रतिबंध के लिए प्रस्ताव लाएगा फ्रांस

दिल्ली दिल्ली लाइव देश राजधानी राज्य राष्ट्रीय

नई दिल्ली। नीलू सिंह
जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर पर प्रतिबंध लगवाने के लिए संयुक्त राष्ट्र में फ्रांस प्रस्ताव लाएगा। फ्रांसीसी सूत्र ने मंगलवार को यह जानकारी दी। संयुक्त राष्ट्र से प्रतिबंधित संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने बीते गुरुवार को पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों पर हुए आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी ली थी।
यह दूसरा मौका होगा जब फ्रांस संयुक्त राष्ट्र में ऐसे किसी प्रस्ताव के लिए पक्ष बनेगा। साल 2017 में अमेरिका ने ब्रिटेन और फ्रांस के समर्थन से संयुक्त राष्ट्र की प्रतिबंध समिति 1267 में एक प्रस्ताव पारित किया था, जिसमें पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन के प्रमुख पर प्रतिबंध की मांग की गई थी। उस प्रस्ताव पर चीन ने अड़ंगा लगा दिया था।
एक वरिष्ठ फ्रांसीसी सूत्र ने बताया, फ्रांस संयुक्त राष्ट्र में मसूद अजहर को आतंकी सूची में डालने के लिए एक प्रस्ताव का नेतृत्व करेगा। यह अगले कुछ दिनों में होगा। फ्रांस के इस फैसले पर देश के राष्ट्रपति के कूटनीतिक सलाहकार फिलिप एतिन और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के बीच मंगलवार सुबह चर्चा हुई। इस दौरान फ्रांसीसी कूटनीतिज्ञ ने इस बात पर भी जोर दिया कि दोनों देशों को अपने कूटनीतिक प्रयासों में समन्वय करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *