लखीमपुर खीरी कांड में भाजपा सभासद समेत चार गिरफ्तार

उत्तरप्रदेश लाइव राज्य समाचार लखनऊ

लखनऊ। राजेंद्र तिवारी
तिकुनिया कांड के आरोपी भाजपा सभासद सुमित जायसवाल समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। चारों की गिरफ्तारी शहर से ही हुई है। पुलिस चारों को लेकर क्राइम ब्रांच के ऑफिस पहुंची। यहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
तिकुनिया कांड के आरोपी व किसानों पर दर्ज मुकदमे के वादी सभासद सुमित जयसवाल पिछले काफी दिनों से गायब चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। सोमवार को पुलिस को मुखबिरों से सूचना मिली कि वह शहर में ही मौजूद है। पुलिस ने उसकी घेराबंदी की और गिरफ्तार कर लिया। सुमित जायसवाल निवासी अयोध्यापुरी के साथ तीन और आरोपी गिरफ्तार हुए हैं। उसकी पहचान शिशुपाल निवासी बनवीरपुर थाना तिकुनिया, सत्यप्रकाश उर्फ सत्यम त्रिपाठी निवासी अर्का महावीर थाना करारी जिला कौशाम्बी और नन्दन सिंह निवासी 109 लक्ष्मणपुरी कालोनी फैजाबाद रोड लखनऊ के रूप में हुई। पुलिस ने सत्यम का लाइसेंसी रिवाल्वर और तीन जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस चारों को गिरफ्तार करके क्राइम ब्रांच के ऑफिस लाई है। जहां उनसे पूछताछ कर रही है। आरोपी सुमित जायसवाल से पुलिस को कुछ अहम जानकारी हाथ लगेगी। क्योंकि सुमित पहले ही कह चुका है कि वह मौके पर मौजूद था और थार गाड़ी में था। वह दूसरे मुकदमें का वादी भी है। पुलिस सुमित से जानने की कोशिश करेगी कि आखिर ये घटना हुई क्यों और कौन किस गाड़ी में बैठा हुआ था। थार को कौन चला रहा था। वह थार में कौन सी सीट पर बैठा हुआ था। इसके साथ थार में और कौन कौन था। इस सवालों के बाद पुलिस के सामने तिकुनिया कांड की तस्वीर और साफ हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *