उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत गिरफ्तार

अल्मोड़ा उत्तराखंड लाइव ऊधम सिंह नगर नैनीताल मुख्य समाचार हरिद्वार

हल्द्वानी। अनीता रावत
कांग्रेस की लोकतंत्र बचाओ यात्रा उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले से यूपी में प्रवेश करते ही पुलिस ने रोक दी। यूपी पुलिस ने बरेली जिले के बहेड़ी बॉर्डर पर पूर्व सीएम हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और साथ जा रहे कांग्रेसियों को हिरासत में ले लिया। पांच मिनट हिरासत में रखने के बाद बहेड़ी के एसडीएम ने निजी मुचलके पर सभी को रिहा कर दिया। इस दौरान रावत सहित कांग्रेसियों ने नेशनल हाईवे पर धरना भी दिया। इससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।


गुरुवार को अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार हरीश रावत मृतक किसान के परिवारों से मिलने के लिए बाजपुर से लखीमपुर खीरी के लिए रैली के रूप में रवाना हुये। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, कांग्रेस प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष तिलक राज बेहड़ समेत सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता थे। यात्रा किच्छा से उत्तराखंड बॉर्डर पार कर यूपी पहुंची, लेकिन कांग्रेसियों के आने की सूचना पर यूपी पुलिस ने बहेड़ी टोल प्लाजा पर पहले ही मोर्चा जमा लिया था। कांग्रेस की यात्रा जैसे ही टोल प्लाजा पर पहुंची, पुलिस ने कांग्रेसियों के वाहनों को रुकवा लिया। इससे नाराज होकर हरीश रावत एवं अन्य पदाधिकारियों ने नेशनल हाईवे पर ही दरी बिछाकर धरना शुरू कर दिया। हरीश रावत लखीमपुर जाने की जिद पर अड़े रहे। लेकिन, यूपी पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। इस दौरान कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हरीश रावत ने आरोप लगाया की इस समय किसान एवं खेती को बचाने की लड़ाई है। भारत की परंपराओं एवं संविधान को बचाने की लड़ाई है। वह इस लड़ाई में पीछे नहीं रह सकते जो रास्ता उन्हें राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी ने दिखाया है, उस रास्ते पर चलकर अपनी लड़ाई को जारी रखेंगे। कांग्रेसियों के धरने के कारण बरेली-हल्द्वानी मार्ग पर जाम लग गया। इससे वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। शांति व्यवस्था का हवाला देते हुए यूपी पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत अन्य कांग्रेस पदाधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया। कुछ देर बाद एसडीएम बहेड़ी आशुतोष गुप्ता ने उन्हें निजी मुचलके पर रिहा कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *