डेंगू की चपेट में आ गए हैं पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन

दिल्ली दिल्ली लाइव राष्ट्रीय

नई दिल्ली। टीएलआई
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को डेंगू हो गया है, हालांकि उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। एम्स अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
कांग्रेस नेता सिंह (89) को बुखार के बाद कमजोरी होने पर बुधवार शाम यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। एम्स के एक अधिकारी ने शनिवार को कहा कि पूर्व पीएम डेंगू से पीड़ित पाए गए हैं, लेकिन अब उनकी प्लेटलेट्स की संख्या बढ़ रही है। उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है। सिंह को अस्पताल के कार्डियो-न्यूरो सेंटर के एक निजी वार्ड में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर नीतीश नाइक के नेतृत्व में हृदय रोग विशेषज्ञों का एक दल उनकी देखरेख कर रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने गुरुवार को सिंह से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली थी। मुलाकात के दौरान एक फोटोग्राफर भी उनके साथ मौजूद था, जिसको लेकर विवाद खड़ा हो गया। मनमोहन सिंह की बेटी दमन सिंह ने परिवार की मर्जी के खिलाफ फोटोग्राफर को साथ लाने के लिए मांडविया पर निशाना साधा। दमन सिंह ने बताया कि उनकी मां बहुत परेशान थीं क्योंकि एक फोटोग्राफर मंत्री के साथ कमरे में घुस आया था। लेकिन जब उन्होंने जोर देकर फोटोग्राफर को कमरे से बाहर निकालने के लिए कहा तो उनकी बात को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया गया। दमन सिंह ने कहा कि वह बहुत परेशान थीं। मेरे माता-पिता एक कठिन परिस्थिति का सामना करने की कोशिश कर रहे हैं। वे बुजुर्ग लोग हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *