दुद्धी की रूबी प्रसाद समेत पांच पूर्व विधायक भाजपा में शामिल

उत्तरप्रदेश लाइव मुरादाबाद मेरठ राज्य समाचार लखनऊ वाराणसी

लखनऊ। राजेंद्र तिवारी

हैदरगढ़ (बाराबंकी) से कांग्रेस के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी आरके चौधरी, पांच पूर्व विधायक रविवार को भाजपाई हो गए। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने इन सबको भाजपा में शामिल किया। इनके अलावा भारतीय किसान यूनियन के वर्तमान में शामली, मुजफ्फरनगर व सहारनपुर जिले के साथ ही उत्तराखंड के प्रभारी राजू अहलावत के साथ ही बसपा, कांग्रेस व सपा के कई बड़े नेता भाजपाई बने। इन नेताओं के ज्वाइनिंग कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह, प्रदेश महामंत्री गोबिंद नारायण शुक्ला आदि उपस्थित थे। बसपा से दो बार फतेहपुर सीकरी (आगरा) विधायक रहे सूरज पाल, बसपा से पूर्व एमएलसी तथा मंडल कोआर्डिनेटर बिजनौर के सुबोध पाराशर, बसपा से सहजनवा तथा पनियारा (गोरखपुर) के विधायक रहे जीएम सिंह, देव नारायण सिंह, बसपा से दो बार विधायक रहे तथा कांग्रेस से लोकसभा प्रत्याशी व वर्तमान में कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष हरदोई के वीरेन्द्र कुमार पासी, कांग्रेस से लोकसभा व विधानसभा प्रत्याशी के रूप मे चुनाव लड़ चुकी वाराणसी की डा. भावना पटेल, दो बार दुद्धी (सोनभद्र) से विधायक रही रूबी प्रसाद, बसपा से रोहनियां (वाराणसी) से पूर्व प्रत्याशी प्रमोद कुमार सिंह, बसपा से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सहारनपुर मुकेश दीक्षित, बसपा से बिजनौर की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष गायत्री पाराशर, वाराणसी के समाजसेवी शशिकान्त राय चुन्ना एडवोकेट, गौतमबुद्धनगर के जिला न्यायालय बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज भाटी, कांग्रेस व कामगार पार्टी से पूर्व लोकसभा प्रत्याशी, लोकदल के पूर्व प्रदेश महासचिव जिलाध्यक्ष बुलंदशहर वीरेन्द्र सिंह लौर, गाजियाबाद से प्रसपा के जिलाध्यक्ष चौधरी प्रताप सिंह, बसपा से दो बार विधानसभा हाटा (कुशीनगर) से प्रत्याशी रहे वीरेन्द्र सिंह सैंथवार के साथ ही सपा युवजन सभा वाराणसी के नेता शुभम गुप्ता भाजपा में शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सभी का अभिनंदन करते हुए कहा कि अंत्योदय ही पार्टी की विचारधारा है। अंत्योदय ही मोदी व योगी सरकार का लक्ष्य है। अंत्योदय ही पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता का कर्तव्यपथ है। सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास के साथ ही सबके प्रयास से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूर्ण करने के लिए हम सभी एकजुट होकर कार्य करें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश निर्भय प्रदेश हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *