नैनीताल, वैष्णो माता में सीजन का पहला हिमपात

उत्तराखंड लाइव देश नैनीताल राज्य राष्ट्रीय

नैनीताल। पूरे उतर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पहाड़ों में पर जहां लगातार हिमपात हो रहा है,वहीं मैदानी इलाकों में शीतलहर जारी है। जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में रविवार को भारी बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ गई। त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी के मार्ग में रविवार को लगातार दूसरे दिन बर्फबारी जारी रही। भवन, भैरो घाटी, सांझी छत, हिमकोटी आदि क्षेत्र में दिन भर बर्फबारी होती रही। दोपहर तक भवन के आसपास तीन से चार इंच तक बर्फ जम चुकी थी। वहीं रविवार को नैनीताल में सीजन का पहला हिमपात हुआ। वहीं मुनस्यारी, कपकोट में हिमपात का सिलसिला जारी है। हल्द्वानी और ऊधमसिंहनगर में दिन भर छाए बादलों ने ठंड बढ़ा दी है। वहीं तराई में जारी शीतलहर ने ठिठुरन बढ़ा दी है।
माता वैष्णो देवी पर हुई बर्फबारी के बीच 15 हजार श्रद्धालु माता के दरबार के लिए रवाना हुए। बर्फबारी के कारण हेलीकॉप्टर और उड़नखटोला सेवा को थोड़ी देर के लिए रोकना पड़ा। वहीं जम्मू में चर्चित पर्यटन स्थल पटनीटॉप और नाथाटॉप में भी दिन के दौरान बर्फबारी हुई। लगातार हो रही बर्फबारी को लेकर श्राइन बोर्ड प्रशासन के साथ ही स्थानीय प्रशासन से सतर्क हो गया है। आपदा प्रबंधन और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की टीमें लगातार वैष्णो देवी यात्रा पर निगाह रखे हुए हैं। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से मैदान शीतलहर की चपेट में आ गए हैं। रुद्रप्रयाग के चोपता, दुगलवट्िटा और तुंगनाथ, उत्तरकाशी के गंगोत्री, यमुनोत्री, हर्षिल और जानकीचट्टी में भी रविवार को बर्फबारी हुई। औली में डेढ़ फीट तो बदरीनाथ में तीन फीट से अधिक बर्फ पड़ी। चकराता के कोटी कनासर और लोखंडी समेत कई ऊंची चोटियां भी बर्फ से लकदक हो गई हैं।
सरोवरी नगरी नैनीताल में रविवार को सीजन का पहला हिमपात हुआ। शहर के ऊंचाई वाले हिस्सों में कुछ समय तक बर्फ की फाहें तो गिरी, जमीन पर नहीं टिकी। बर्फबारी से तापमान में भारी गिरावट आई है। उधर मुनस्यारी में रविवार को भी हिमपात हुआ। बर्फबारी से न्यूनतम तापमान -4 डिग्री पहुंच गया। बर्फबारी के बाद क्षेत्र के थामरी कुंड, महेश्वर कुंड, राकस ताल, नंदा कुंड का पानी जम गया है। इसके अलावा थल-मुनस्यारी मार्ग बर्फ से ढक गया है। वहीं कपकोट के उंचाई वाले हिस्सों में मौसम का दूसरा हिमपात हुआ है। बदियाकोट, झूनी, खलझूनी, धुर, विनायक, कर्मी, तोली, पैथी, बघर, लीती, कुंवारी, बोरबलड़ा, बाछम, खाती, सुराग,कालो, डोला आदि गांवों में एक से दो इंच हिमपात हुआ है। तराई में कोहरा छाने और शीतलहर चलने से रविवार को तराई में ठिठुरन बढ़ गया है।