उत्तराखंड में किसानों ने विधायक राणा को घेरा

उत्तराखंड लाइव ऊधम सिंह नगर नैनीताल राज्य समाचार

हल्द्वानी। अनीता रावत
तीन कृषि कानूनों के विरोध और लखीमपुर खीरी की घटना से नाराज बिजटी ग्रामसभा के किसानों ने नानकमत्ता में भाजपा विधायक डॉ.प्रेम सिंह राणा का घेराव कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक विधायक किसानों के बीच रहे। विधायक ने भी किसानों की पूरी बात सुनी और उन्हें समझाकर शांत किया। उधर, विधायक के घेराव की सूचना पर पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया।
विधायक डॉ.राणा मंगलवार दोपहर 12:30 बजे बिजटी गांव में विकास कार्यों का जायजा लेने और ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के लिये पहुंचे। यह जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में किसान भी मौके पर आ गये और विधायक का घेराव किया। किसानों का कहना था कि केंद्र सरकार ने किसानों पर तीन कृषि कानून पूंजीपतियों लाभ पहुंचाने के लिए थोपे हैं। किसानों को एमएसपी की गारंटी नहीं दी जा रही है। कहा कि इस बार भी किसान की उपज एमएसपी पर नहीं खरीदी जा रही है। उन्होंने किसानों की बदहाली के लिए भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराया। आरोप लगाया कि भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ता भी किसानों से अभद्रता करने लगे हैं। विधायक डॉ.राणा ने करीब डेढ़ घंटे तक किसानों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। डॉ.राणा ने कहा कि लखीमपुर खीरी की घटना के मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त कार्रवाई के आदेश दिये हैं। उत्तराखंड में भी धान खरीद, गन्ना भुगतान, चीनी मिलों के संबंध में किसानों की मांगों के अनुरूप काम किया जा रहा है। विधायक के समझाने पर किसान शांत हो गये। उधर, विधायक का घेराव किये जाने की सूचना पर नानकमत्ता से पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया था। बाद में विधायक गांव से लौट गये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *