बिहार में 10 सीट पर चुनाव लड़कर फ्रंटफुट पर खेलेगी कांग्रेस

आरा गया छपरा दानापुर दिल्ली पटना बक्सर बिहार लाइव भागलपुर भोजपुर मुख्य समाचार सासाराम

पटना। राजेन्द्र तिवारी

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस इस बार फ्रंटफुट पर खेलने की तैयारी में है। इसका ऐलान राहुल गांधी ने गांधी मैदान में आयोजित जन आक्रोश रैली में किया। प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोलते हुए राहुल ने कहा कि चौकीदार जहां जाता है चोरी करता है। इस दौरान राहुल ने नीतीश कुमार को भी जमकर हमला बोला।

कांग्रेस ने 28 साल बाद रविवार को पटना के गांधी मैदान में जन आकांक्षा रैली की। इसमें राहुल गांधी ने कांग्रेस के साथ विपक्ष की एकजुटता और बिहार में महागठबंधन की तस्वीर दिखाने की कोशिश की। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि मोदीजी ने जनता से बड़े-बड़े वादे किए हैं। चौकीदार जहां जाता है, चोरी करता है। इसलिए यहां मौजूद गठबंधन के सभी नेता बिहार से भाजपा और नीतीश कुमार को हटाने जा रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मोदीजी ने बजट में किसानों को रोजाना 17 रुपए दिए, लेकिन विजय माल्या को 10 हजार करोड़ रुपए देते हो। मोदीजी अचानक टीवी पर आए और कहा कि कालाधन खत्म करना है इसलिए बड़े नोट नहीं चलेंगे। 2000 का नोट चलेगा। लोगों को बैंक के सामने खड़ा कर दिया। महिलाओं ने पैसे बचाकर रखे थे, वे बैंक में डलवा दिए। आपकी जेब से पैसे निकाले और नीरव, माल्या जैसे लोगों की जेब में डाल दिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस की सरकार आई तो हम पूरे देश के किसानों का कर्जा माफ करेंगे। मोदीजी कितने भी भाषण दीजिए, किसान जवाब देगा। कांग्रेस बैकफुट नहीं फ्रंटफुट पर खेलने जा रही है। हम छक्का मारेंगे। राहुल ने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय में पूरी दुनिया से लोग शिक्षा के लिए आते थे। राज्य और केंद्र सरकार ने इसके लिए कुछ नहीं किया। पटना की जनता एक वायदा सुन ले। कांग्रेस की सरकार आएगी तो पटना विश्वविद्यालय को सेंट्रल यूनिवर्सिटी का दर्जा मिलेगा। रैली में राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि राहुल गांधी में प्रधानमंत्री बनने की क्षमता है। कांग्रेस पर साथियों को एकजुट करने की जिम्मेदारी है। राजद नेता तेजस्वी ने कहा कि आज भाजपा के खिलाफ सभी को एकजुट होने की जरूरत है। कांग्रेस की रैली में मंच पर राजद नेता तेजस्वी यादव, हिंदुस्तान आवाम मोर्चा के नेता जीतनराम मांझी, लोकतांत्रिक जनता दल (लोजद) के प्रमुख शरद यादव, विकासशील इंसान पार्टी के नेता मुकेश साहनी, सीपीआई के सत्यनारायण सिंह, सीपीएम के अवधेश कुमार और बिहार भाकपा-माले के कुणाल के अलावा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद रहे। एनडीए से अलग हुए रालोसपा नेता उपेंद्र कुशवाहा अस्पताल में भर्ती होने की वजह से रैली में नहीं पहुंच सके।गौरतलब है कि बिहार में राजद और कांग्रेस के बीच लोकसभा सीटों का बंटवारा करीब-करीब तय हो गया है। कुल 40 सीटों में से राजद 20 और कांग्रेस 10 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। बाकी 10 सीटें महागठबंधन के अन्य दलों को दी जाएंगी। इसका औपचारिक ऐलान जल्द किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *