भाजपा को कांग्रेस नहीं आप देगी शिकस्त : कोठियाल

अल्मोड़ा उत्तराखंड लाइव ऊधम सिंह नगर गढ़वाल देहरादून नैनीताल राष्ट्रीय हरिद्वार

हल्द्वानी। अनीता रावत

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता रिटायर्ड कर्नल अजय कोठियाल ने कहा है विधानसभा चुनाव में भाजपा को कांग्रेस नहीं बल्कि आम आदमी पार्टी ही शिकस्त देकर प्रदेश में सरकार बनाएगी। आप उत्तराखंड नवनिर्माण के अपने संकल्प को पूरा करेगी। प्रदेश में भाजपा सरकार है और जनता ने भाजपा से जो उम्मीद की थी उस पर वह खरा नहीं उतर सकी। वहीं विपक्ष में कांग्रेस है जो आपसी मतभेद के कारण विपक्ष की भूमिका नहीं निभा पा रही है। बोले, प्रदेश की जनता आप को तीसरे विकल्प के रूप में देख रही है।
रिटायर्ड कर्नल कोठियाल रविवार को सल्ट जाते समय कुछ देर आप के प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक बाली के आवास पर रुके। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी मजबूती के साथ उत्तराखंड में खड़ी हुई है और अपना मजबूत संगठन खड़ा कर चुकी है। आप के बिजली गारंटी कार्ड से भाजपा और उसकी प्रदेश सरकार बुरी तरह घबरा गई है। उसकी बौखलाहट का प्रमाण है कि उसने आम आदमी पार्टी की फ्लेक्सियों को न सिर्फ उतरवा दिया बल्कि आप कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमे भी दर्ज कराए। अब जनता पार्टी से काफी उम्मीद रख रही है। हमें अपने आप को आम जनता के बीच में साबित करना है। कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा पर बोले, भाजपा और कांग्रेस दोनों ही यात्रा निकालने लगे हैं। आम आदमी पार्टी का भी अपना कैंपेन चल रहा है जो कि राज्य के आधारभूत मुद्दों को लेकर और जनता को दी जाने वाली सुविधाओं को लेकर हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी के सामने पार्टी के चेहरे पर उन्होंने कहा कि यह चुनावी रणनीति का हिस्सा है और यह चुनाव आने पर देखा जाएगा। इस मौके पर शिशुपाल रावत, जिलाध्यक्ष मुकेश चावला, अमन बाली आदि रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *