कांग्रेस देगी यूपी में 40 फीसदी महिलाओं को टिकट

उत्तरप्रदेश लाइव गोरखपुर नोएडा मेरठ राष्ट्रीय लखनऊ वाराणसी

लखनऊ। राजेंद्र तिवारी
कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने ऐलान किया है कि विधानसभा चुनाव में 40 फीसदी महिलाओं को टिकट दिए जाएंगे। उन्होंने नारा दिया-लड़की हूं, लड़ सकती हूं। लखनऊ में अपनी पहली प्रेस कांफ्रेस में उन्होंने कहा कि प्रदेश को आगे बढ़ाना है तो महिलाओं को राजनीति में आना होगा। वे 15 नवम्बर तक आवेदन कर सकती हैं। खुद चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस बारे में सोचकर निर्णय लेंगे।
प्रियंका ने कहा कि आज सत्ता के नाम पर आप खुलेआम पब्लिक को कुचल सकते हैं, आज नफरत का बोलबाला है। महिलाएं इसे बदल सकती हैं। राजनीति में आप मुझसे कंधा से कंधा मिलाइये। यूपी में बदलाव का सपना पूरा होगा। देश को विकास की ओर आगे ले जाना है तो भागीदारी के लिए महिलाओं को आगे आना होगा।
उन्होंने कहा कि मैं तो चाहती हूं कि 50 फीसदी टिकट महिलाओं को दिए जाएं लेकिन पार्टी में चर्चा के बाद 40 फीसदी पर सहमति बनी है। आने वाले समय में 50 फीसदी महिलाओं को टिकट दिया जा सकता है। उन्होंने पत्रकारों, समाज सेवियों, डॉक्टरों, समेत अन्य महिलाओं का आह्ववान करते हुए कहा कि जो भी महिलाएं इच्छुक हैं, वे अपने विधानसभा से फॉर्म लेकर आवेदन कर सकती हैं। परिवार की महिलाओं को चुनाव लड़ाने पर यूपी प्रभारी ने कहा कि अगर किसी पूर्व सांसद या जिलाध्यक्ष की बहन, बेटी या पत्नी चुनाव लड़ती है तो भी कोई बुराई नहीं है। शुरुआत कहीं से तो होनी चाहिए? आगे चल कर वे सक्षम हो जाएंगी। यदि इस बार महिलाएं मजबूत नहीं होंगी तो अगली बार होंगी। वर्ष 2024 में इससे ज्यादा महिलाओं को मौका मिल सकता है। महिलाएं एकजुट होकर फोर्स नहीं बन रहीं, उसे जाति धर्म में बांटा जा रहा है। अन्य पार्टियों को लगता है कि वे महिलाओं को रुपये और सिलेंडर से खुश कर लेंगे। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि मुझे दो महिला कांस्टेबिल सीतापुर ले गईं। सुबह चार बजे तक वे वहां रहीं तो महिलाओं के संघर्ष को कम करके आंका जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *