चीन तेजी से अपनी परमाणु ताकत बढ़ा रहा : पेंटागन

अंतरराष्ट्रीय

वाशिंगटन।
अमेरिकी रक्षा विभाग की बुधवार को जारी एक रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिका के अधिकारियों ने एक साल पहले जो अनुमान लगाया था, चीन उससे कहीं अधिक तेजी से अपनी परमाणु शक्ति बढ़ा रहा है। बीजिंग की योजना शताब्दी के मध्य तक अमेरिका के बराबर पहुंचने या उससे कहीं आगे निकलने में सक्षम होने की है।
रिपोर्ट के मुताबिक छह साल के भीतर चीनी परमाणु हथियारों की संख्या बढ़कर 700 तक हो सकती है। 2030 तक इसके 1000 का आंकड़ा पार करने की आशंका है। हालांकि, रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया है कि अभी चीन के पास कितने हथियार हैं। लेकिन एक साल पहले पेंटागन ने कहा था कि उसके परमाणु हथियारों की संख्या 200 से कम है। इस दशक के अंत तक इसके दोगुना होने का अनुमान है।
अमेरिका के पास अभी 3750 परमाणु हथियार हैं। फिलहाल उसकी हथियारों की संख्या बढ़ाने की कोई योजना नहीं है। 2003 तक अमेरिका के परमाणु हथियारों की कुल संख्या लगभग 10000 थी। बाइडन प्रशासन अपनी परमाणु नीति की व्यापक समीक्षा कर रहा है। पेंटागन की यह रिपोर्ट दिसंबर 2020 तक जुटाई गई जानकारी पर आधारित है। लिहाजा इसमें जनरल मार्क मिली की उन चिंताओं को शामिल नहीं किया गया है, जो उन्होंने पिछले महीने चीन के हाइपरसोनिक हथियार परीक्षणों को लेकर जताई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *