उत्तराखंड में पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना

उत्तराखंड लाइव देहरादून राष्ट्रीय

देहरादून। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के साथ ही चलने वाली पश्चिमोत्तर हवाओं के कारण शुक्रवार को शहर में लोगों की कंपकंपी छूट गयी। दिनभर बादलों की लुकाछिपी ने ठिठुरन और बढ़ा दी।उत्तराखंड में ऊंचाई वाले इलाकों में शनिवार को बर्फबारी की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की है।
शुक्रवार दोपहर से देहरादून का मौसम करवट बदलने लगा। वहीं नैनतील जिले में सुबह से शाम तक बादलों की लुकाछिपी का खेल चलता रहा। दिनभर चलती ठंडी हवाओं से गिरे पारे के कारण लोग ठिठुरते नजर आये। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात से उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में खासकर हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में घना कोहरा छाने लग जायेगा। वहीं, मसूरी, चकराता, हर्षिल, धनोल्टी समेत ऊंचे पहाड़ों में शनिवार को हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। दून में शनिवार शाम से हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान तापमान दो डिग्री तक नीचे गिर सकता है। अधिकतम तापमान 20 डिग्री रहने का अनुमान है। शुक्रवार को दून का न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं बताया जा रहा है कि उत्तर भारत समेत कश्मीर घाटी एक बार फिर शीत लहर की चपेट में है। घाटी के ज्यादातर जगहों पर पारा जमाव बिंदु से नीचे चला गया है। प्रदेश में करगिल सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 18.6 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में कश्मीर में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। शुक्रवार रात को भी बर्फबारी हो सकती है। अगले 48 घंटों के दौरान मौसम का खराब होने से घाटी का अन्य हिस्सों से संपर्क कट सकता है।