भाजपा को मोदी के नाम और योगी के काम पर भरोसा

उत्तरप्रदेश लाइव राष्ट्रीय लखनऊ

लखनऊ। राजेन्द्र तिवारी

भाजपा ने मिशन-2022 का बुधवार को विधिवत आगाज किया। यूपी की सत्ता में वापसी के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में यूपी चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने प्रदेश के सत्ता और संगठन के प्रमुख चेहरों संग बैठक की। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर यह पार्टी की पहली अधिकृत बैठक थी। तय हुआ कि मोदी के नाम और योगी के काम के सहारे फिर सत्ता में लौटेंगे। मंथन का सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहेगा।
प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पार्टी के मौजूदा कार्यक्रमों और अभियानों पर चर्चा के साथ ही भविष्य के रोडमैप पर मंथन हुआ। तय हुआ कि शीर्ष से निचले स्तर तक पार्टी का संदेश एक स्वर में पहुंचे। क्षेत्रों में संगठन प्रभारियों की तर्ज पर चुनाव प्रभारियों को भी अलग-अलग क्षेत्र की जिम्मेदारी दे दी गई।
मिशन-2022 को लेकर बुधवार शाम पार्टी के राज्य मुख्यालय में महत्वपूर्ण चुनावी रणनीतिक बैठक हुई। शुभारंभ मुख्यमंत्री ने पं. दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया। फिर सरकार और संगठन के स्तर पर चल रही चुनावी तैयारियों पर चर्चा हुई। प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने संचालन करते हुए सभी का परिचय कराया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिलसिलेवार राज्य सरकार की उपलब्धियां बताईं। कोरोना प्रबंधन को लेकर प्रदेश में हुए कार्यों के साथ ही यूपी में शुरू की गई उज्ज्वला-2 का भी उन्होंने जिक्र किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के कार्यों की जानकारी घर-घर पहुंचनी चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार ने शानदार काम किया है। उन कार्यों को सरकार के मंत्री और संगठन के कार्यकर्ता लोगों तक तेजी से पहुंचाएं। प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह ने मोदी-योगी का नाम घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *