भाजपा को पश्चाताप यात्रा निकालनी चाहिए: हरीश

उत्तराखंड लाइव ऊधम सिंह नगर नैनीताल मुख्य समाचार

हल्द्वानी। अनीता रावत

ऊधमसिंह नगर जिले में कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा चौथे दिन बाजपुर पहुंची। यहां पूर्व सीएम हरीश रावत ने बाजपुर के 20 गांवों के भूमि विवाद को सरकार बनने के तीन माह के भीतर हल करने का वादा किया। कहा कि कांग्रेस सरकार पहले साल 100 यूनिट और दूसरे साल से 200 यूनिट बिजली मुफ्त देगी। रावत ने भाजपा सरकार को महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी पर घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा को जन आशीर्वाद यात्रा नहीं बल्कि पश्चाताप यात्रा निकालनी चाहिये।
सोमवार को कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा श्री रामभवन धर्मशाला पहुंची। यहां हरीश रावत ने कहा कि भाजपा ने जनता की आजादी को छीनने का काम किया है। 2017 में बड़े वादों के साथ सत्ता में आये, लेकिन सरकार बनते ही वादे भूल गये। रोजगार देने की बात की थी, लेकिन रोजगार छीना जा रहा है। हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आते ही प्रत्येक परिवार को प्रत्येक माह 200 रुपये अनुदान देंगे। महिलाओं को आर्थिक तरक्की का आधार बनाएंगे। महिलाओं को रोजगार से जोड़ेंगे। सत्ता में आते ही पेंशन 2000 कर देंगे। साथ ही 69000 महिलाओं को फिर से पेंशन देना शुरू करेंगे। 22 हजार रिक्त पदों को एक साल में भरेंगे। बेरोजगरी भत्ता देने का काम करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि अब भाजपा के जुमले चलने वाले नहीं हैं। सत्ता में आते ही कृषि कानूनों के खिलाफ विधानसभा से प्रस्ताव पास कर केंद्र को भेजेंगे। कहेंगे कि उत्तराखंड के किसानों को यह कानून नहीं चाहिये। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने का काम किया जा रहा है। 2022 में सत्ता में कांग्रेस की वापसी होने जा रही है।
संचालन जिलाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा सोनू ने किया। इस मौके पर प्रकाश जोशी, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष तिलकराज बेहड़, रंजीत रावत, भुवन कापड़ी, जीतराम, सरिता आर्य, दीपिका पांडे, राजेश धर्माणी, हरीश दुर्गापाल, महेंद्र प्रताप, हरेंद्र शर्मा, सुनीता टम्टा बाजवा, सुरजीत अग्निहोत्री, दर्शन गोयल,नौसे अली, चंद्रभान शाह, अशोक वाल्मीकि, गुरजीत सिंह गित्ते, जमुना बिष्ट, किशोरी देवी, जीत सिंह, केसर राम आर्य आदि रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *